रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कवर्धा स्थित अपने निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात की। उन्होंने गीता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल करने के लिए बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान गीता की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कवर्धा की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने 13 सितंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में मेजबान चीन को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने महिला जूनियर एशिया कप में लगातार तीसरी बार खिताब जीता और जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गीता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि कवर्धा की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। उन्होंने गीता के आगे भी सफलता के नए मुकाम हासिल करने की कामना की।

एशिया कप विजेता हॉकी खिलाड़ी गीता यादव से मुलाकात करते उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा।
एशिया कप में गीता ने दागे चार गोल
भारतीय टीम की मिडफील्डर के रूप में खेलीं गीता यादव ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन किया और कुल चार गोल किए।
- मलेशिया के खिलाफ 11-1 की जीत में गीता ने दो गोल किए।
- जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल दागे।
- उनके प्रदर्शन ने भारतीय टीम की खिताबी अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेल सुविधाओं और स्थानीय प्रतिभाओं पर भी हुई चर्चा
मुलाकात के दौरान विजय शर्मा और गीता यादव के बीच कवर्धा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्र में खेल की संभावनाओं को बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई।
विजय शर्मा ने गीता से उनके प्रशिक्षण और खेल के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गीता की सफलता क्षेत्र के उन युवाओं और विशेष रूप से बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
बोड़ला से भारतीय टीम तक का सफर
गीता यादव ने हॉकी का शुरुआती प्रशिक्षण कोच शिवा चौहान से प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को और निखारा। बेहतर प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) से भी जुड़ीं।
गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
एक किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक पहुंचने वाली गीता यादव की कहानी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास की मिसाल के रूप में सामने आई है। उनकी उपलब्धि से कबीरधाम और पूरे छत्तीसगढ़ के खेल जगत में उत्साह है।
मुलाकात के दौरान गीता ने अपनी खेल यात्रा के अनुभव उप मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। विजय शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
