रायपुर, 16 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रविवार को पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ किया।
शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने नई कैंसर इकाई में उपलब्ध उपचार सुविधाओं और अत्याधुनिक चिकित्सा मशीनरी का अवलोकन किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने डॉ. संदीप दवे के भाई स्वर्गीय श्री प्रदीप दवे को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट रायपुर का शुभारंभ
कैंसर उपचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. संदीप दवे के भाई स्वर्गीय श्री प्रदीप दवे का कैंसर से निधन हुआ था। इस व्यक्तिगत पीड़ा ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ व्यापक स्तर पर काम करने के संकल्प को मजबूत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी संकल्प का परिणाम आज रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के रूप में सामने आया है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान आने वाले समय में बड़ी संख्या में कैंसर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ा है। कैंसर मरीजों को एक ही परिसर में जांच, उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने डॉ. संदीप दवे और उनकी पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि निजी क्षेत्र की ऐसी पहल से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को और गति मिलेगी।
प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में स्वास्थ्य संस्थानों के विस्तार को गति मिली और वर्तमान सरकार भी प्रदेश के कोने-कोने तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेशवासियों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे राज्यों या बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम से कम पड़े और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उन्हें अपने ही प्रदेश में उपलब्ध हों।
कैंसर की रोकथाम में स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच जरूरी : डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के शुभारंभ को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि इस संस्थान के पीछे सेवा और संवेदना की भावना जुड़ी हुई है। डॉ. संदीप दवे के भाई की कैंसर से मृत्यु ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया और संभवतः इसी पीड़ा ने कैंसर उपचार के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की प्रेरणा दी।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि कैंसर केवल मरीज की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की सामूहिक पीड़ा होती है। उन्होंने कैंसर की समय पर पहचान के लिए नियमित स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में कैंसर की पहचान होने पर उपचार की संभावनाएं बेहतर होती हैं। रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में पहले से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के साथ अब कैंसर उपचार की सुविधा जुड़ने से मरीजों को एक ही छत के नीचे व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
15 मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी सेवाओं से बढ़ा स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण नई कड़ी है। इसका लाभ छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों से आने वाले मरीजों को भी मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय छत्तीसगढ़ में केवल एक मेडिकल कॉलेज था। तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के प्रयासों से मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 10 हुई और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के बाद प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसी अवधि में प्रदेश में सुपर स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में दो नए सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों पर काम किया जा रहा है। बस्तर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों को उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर लाने की आवश्यकता में कमी आई है। जगदलपुर में हृदय जैसी जटिल सर्जरी भी संभव हो रही है। वहीं बिलासपुर में भी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का शुभारंभ हो चुका है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट के शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री मोतीलाल साहू, चिकित्सक, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट की शुरुआत को छत्तीसगढ़ में कैंसर उपचार की आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे प्रदेश के मरीजों को अपने राज्य में ही उन्नत कैंसर उपचार की सुविधा मिलने की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
