Home » नवा रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारियां पूरी
india-zimbabwe-women-t20-series-raipur-2026

नवा रायपुर में भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज की तैयारियां पूरी

16, 18 और 20 अक्टूबर को शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे तीन मुकाबले, मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा

by bholuchand news

रायपुर, 08 अक्टूबर 2026। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सीरीज के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को खेले जाएंगे।

सीरीज के सफल और सुचारू आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा हेतु मुख्य सचिव  विकासशील की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, बिजली, अग्निशमन, मोबाइल नेटवर्क और दर्शकों की सुविधाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

india-zimbabwe-women-t20-series-raipur-2026

मैचों के सुचारू संचालन के लिए विभागों में समन्वय

मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मैचों के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों में पुलिस विभाग एवं आयोजक संस्थाओं को समय पर सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा।

लोकल सपोर्ट कमेटी गठित

मैचों के सफल संचालन और अंतर-विभागीय समन्वय के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए के प्रतिनिधि और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं।

यह समिति आयोजन से संबंधित स्थानीय स्तर की व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की निगरानी करेगी।

ई-टिकट से प्रवेश, दर्शकों के लिए ओपन वाई-फाई

दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के दौरान ई-टिकट स्कैन करने में सुविधा हो, इसके लिए परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी। टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा।

टिकटों पर स्टेडियम का नाम ‘शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर’ स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।

पार्किंग और सीसीटीवी की विशेष व्यवस्था

स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से सीसीटीवी निगरानी एवं यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाएगा।

स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की भी तैयारी

आयोजन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आसपास के अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी। स्टेडियम परिसर में एम्बुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी।

आपातकालीन उपचार एवं वीवीआईपी आवागमन को ध्यान में रखते हुए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया गया है।

बिजली, मोबाइल नेटवर्क और अग्निशमन की व्यवस्था

स्टेडियम में निर्बाध विद्युत व्यवस्था के लिए सीएसपीडीसीएल एवं ऊर्जा विभाग द्वारा आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। वहीं स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है।

आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी की उपलब्धता और आपातकालीन मार्गों का चिन्हांकन भी किया जाएगा। इसके लिए गृह एवं अग्निशमन विभाग आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

खाद्य सामग्री और पेयजल की भी व्यवस्था

दर्शकों एवं आयोजन से जुड़े लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल आपूर्ति की पर्याप्त व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारी हुए शामिल

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, खेल एवं युवा कल्याण, फायर एवं सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हुए।

ये भी पढ़े...रायगढ़ में बनेगा एआई एक्सीलेंस सेंटर, युवाओं को मिलेंगे नई तकनीक और नवाचार के अवसर
और अधिक जानकारी हेतु पढ़ते रहें....भोलूचंद.कॉम

You may also like