Home » शिक्षा विभाग ने जारी की तबादला सूची, 700 शिक्षकों के ट्रांसफर, 400 नाम विभिन्न कारणों से रोके
शिक्षक तबादला सूची 2026 छत्तीसगढ़

शिक्षा विभाग ने जारी की तबादला सूची, 700 शिक्षकों के ट्रांसफर, 400 नाम विभिन्न कारणों से रोके

by bholuchand news

रायपुर : शिक्षा विभाग ने जारी की तबादला सूची, 700 शिक्षकों के ट्रांसफर, 400 नाम विभिन्न कारणों से रोके

रायपुर, 8 अगस्त 2026। प्रदेश के शिक्षकों के लंबे समय से प्रतीक्षित स्थानांतरण को लेकर शिक्षा विभाग ने आखिरकार आदेश जारी कर दिए हैं। स्थानांतरण के लिए तैयार की गई सूची की कई स्तरों पर समीक्षा और परीक्षण के बाद अंतिम रूप से स्वीकृत शिक्षकों के तबादला आदेश जारी किए गए हैं।

विभागीय स्तर पर तैयार की गई प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षकों के नाम शामिल थे। इसके बाद सूची की समीक्षा कर संख्या कम करने के निर्देश दिए गए और लगभग 1,000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार की गई। अंतिम परीक्षण के दौरान निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं पाए गए करीब 400 नामों को सूची से बाहर कर दिया गया। इसके बाद शेष शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए।

इन मामलों में नहीं हुआ स्थानांतरण

शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया में विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता दी। इसी के तहत युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षक, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक तथा ऐसे शिक्षक जिनके स्थानांतरण से विद्यालय शिक्षकविहीन हो सकता था, उनके प्रकरणों को अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया।

इसके अलावा अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण के मामलों तथा अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों के प्रकरणों का भी परीक्षण किया गया। इन मामलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई और विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए स्थानांतरण नहीं किया गया।

विभाग का स्पष्ट रुख रहा कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण के कारण विद्यालय में शिक्षकों की कमी न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

आवेदनों और अनुशंसाओं के आधार पर तैयार हुई सूची

सूत्रों के अनुसार, स्थानांतरण के लिए प्राप्त आवेदनों और विभिन्न स्तरों से प्राप्त अनुशंसाओं के आधार पर शिक्षकों के स्थानांतरण के प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण किया गया।

प्रारंभिक सूची से लेकर अंतिम सूची तैयार होने तक कई स्तरों पर जांच और समीक्षा की गई। इस प्रक्रिया के दौरान करीब 400 नामों को अंतिम सूची से बाहर कर दिया गया

अंतिम रूप से स्वीकृत शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी होने के साथ ही तबादले को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार समाप्त हो गया है। अब संबंधित शिक्षक अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।

अगले चरण में ऑनलाइन तबादले की तैयारी पर मंथन

वर्तमान स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग भविष्य में शिक्षक स्थानांतरण की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सरल एवं तकनीक आधारित बनाने पर भी विचार कर रहा है।

विभागीय स्तर पर शिक्षकों से ऑनलाइन आवेदन लेने की व्यवस्था लागू करने को लेकर मंथन जारी है। यदि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होती है तो शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।

इस व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने, दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन, आवेदन की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और समयबद्ध निराकरण में मदद मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा विभाग द्वारा इस संबंध में अन्य राज्यों में लागू ऑनलाइन स्थानांतरण प्रणालियों का भी अध्ययन किया जा रहा है। तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं के परीक्षण के बाद शासन स्तर पर इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

फिलहाल वर्तमान प्रक्रिया के तहत अंतिम सूची में शामिल शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी हो चुके हैं। अब शिक्षकों की नजरें उनके नए पदस्थापना स्थल और कार्यभार ग्रहण करने की प्रक्रिया पर टिकी हैं।

You may also like