उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नारायणपुर प्रवास के दौरान पुनर्वास केंद्र पहुंचकर हिंसा का रास्ता छोड़ मुख्यधारा से जुड़े युवाओं से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने युवाओं से पुनर्वास केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, कौशल विकास प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों पर चर्चा करते हुए उन्हें समाज और गांवों के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
शासकीय सुविधाओं और दस्तावेजों की ली जानकारी
उप मुख्यमंत्री ने युवाओं से आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक खाते सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पुनर्वासित युवक-युवती को सम्मानजनक जीवन, आत्मनिर्भरता और सभी आवश्यक शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पूर्व साथियों को भी मुख्यधारा से जुड़ने की अपील
विजय शर्मा ने युवाओं से आग्रह किया कि वे जेल में बंद अपने पूर्व साथियों से मिलकर उन्हें भी पुनर्वास योजना का लाभ लेने और हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि शांति और विकास ही बस्तर के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।
कौशल विकास की सराहना, सिंचाई व्यवस्था के दिए निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने पुनर्वास केंद्र में चल रहे कौशल विकास प्रशिक्षण की जानकारी ली। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा मोटर वाहन ड्राइविंग प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना की।
युवाओं ने बातचीत के दौरान खेतों में सिंचाई के लिए बोरवेल की आवश्यकता बताई। इस पर उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहीद परिवारों और पुनर्वासित युवाओं का सर्वे कराकर उनके खेतों में सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे खेती के माध्यम से स्थायी आजीविका प्राप्त कर सकें।

नारायणपुर पुनर्वास केंद्र
पेसा अधिनियम को और मजबूत बना रही सरकार
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में पेसा अधिनियम को और प्रभावी बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
बस्तर में शांति और विकास का नया दौर शुरू : केदार कश्यप
वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आदिवासी समाज का योगदान बस्तर के विकास में हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। अब समय शांति, विकास और समृद्धि की नई दिशा में आगे बढ़ने का है। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा से जुड़ने वाले युवाओं ने सकारात्मक बदलाव की शुरुआत की है और अब सभी को मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करना चाहिए।
वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी., कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
https://bholuchand.com/category/government-schemes


