Home » रायपुर में 4 अक्टूबर को रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव, चिराग पासवान समेत कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल
ollbol-youth-conclave-2026-raipur-chirag-paswan-darshan-kumar.jpg

रायपुर में 4 अक्टूबर को रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव, चिराग पासवान समेत कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल

रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव 2026 में दर्शन कुमार, आदित्य राज कौल और दीपक संघवी सहित युवा प्रेरणा से जुड़े कई चर्चित चेहरे साझा करेंगे अनुभव

by bholuchand news

रायपुर। युवाओं को प्रेरणा, नए विचारों और विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल करने वाली शख्सियतों के अनुभवों से जोड़ने के उद्देश्य से रोलबोल कम्युनिटी द्वारा रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव 2026 एवं रोलबोल टॉक्स का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के ऑडिटोरियम, मेकाहारा, जेल रोड, रायपुर में आयोजित होगा।

चिराग पासवान समेत कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल

इस वर्ष आयोजित होने वाले कॉन्क्लेव में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बॉलीवुड अभिनेता दर्शन कुमार, वरिष्ठ पत्रकार एवं जियोपॉलिटिक्स और राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ आदित्य राज कौल तथा निलोन्स के सीएमडी दीपक संघवी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। फिल्म धुरंधर से रिसर्च कंसल्टेंट के रूप में जुड़े आदित्य राज कौल भी कार्यक्रम में युवाओं के साथ अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे।

मनोरंजन, बिजनेस और डिजिटल क्षेत्र की हस्तियों की भी मौजूदगी

रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव में बॉलीवुड संगीतकार मोंटी शर्मा, उद्यमी एवं ऑरिया लंदन के सह-संस्थापक शोनक शर्मा, लोकप्रिय डिजिटल क्रिएटर्स अमर सिरोही, शिखर चौधरी और देवांश सेठी तथा फिल्म निर्देशक दीपक गर्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को मनोरंजन, उद्यमिता, डिजिटल मीडिया, पत्रकारिता, राष्ट्रीय सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों से जुड़े अनुभवी लोगों से सीधे संवाद और उनके अनुभव जानने का अवसर मिलेगा।

युवाओं को प्रेरित करना है रोलबोल का उद्देश्य

रोलबोल के संस्थापक दर्शन सांखला ने बताया कि रोलबोल का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं है, बल्कि युवाओं को ऐसे विचारों, अनुभवों और व्यक्तित्वों से जोड़ना है, जो उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि “रेस्ट ऑफ लाइफ, बेस्ट ऑफ लाइफ” की सोच के साथ रोलबोल पिछले कई वर्षों से युवाओं और समाज को जोड़ने का कार्य कर रहा है।

दोपहर 2 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम

रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा, हालांकि प्रवेश के लिए पास अनिवार्य होगा।

आयोजन की तैयारियों में जुटी पूरी टीम

कार्यक्रम की तैयारियों में संस्थापक दर्शन सांखला, कन्वीनर राकेश नवलखा सहित आकाश साहू, नमन कोरी, नीलेश सांखला, अमीषा जैन, सृष्टि यादव, शशांक निगम, अभिषेक पांडे, अनुप मुंद्रा, यश कुकरेजा एवं शिवरतन गुप्ता सहित रोलबोल की पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।

रायपुर में होने वाला यह यूथ कॉन्क्लेव युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों की सफल हस्तियों के विचारों और अनुभवों से रूबरू होने का अवसर प्रदान करेगा।

ये भी पढ़े...विश्व नदी दिवस पर भूगोल विभाग ने आयोजित किए व्याख्यान, प्रश्न मंच और नारा लेखन प्रतियोगिता
और अधिक जानकारी हेतु पढ़ते रहें....भोलूचंद.कॉम

You may also like