रायपुर। छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा सत्र 2026-27 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के नवीनीकरण की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।
विभाग के अनुसार छात्रवृत्ति पोर्टल 20 जून 2026 से खुल चुका है और 30 जून 2026 तक नवीनीकरण के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। वहीं नए विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त 2026 से शुरू होगी।
इन विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा। इसके लिए अभिभावकों की वार्षिक आय निर्धारित सीमा के भीतर होना आवश्यक है।
- एससी और एसटी वर्ग: अधिकतम ₹2.50 लाख वार्षिक आय
- ओबीसी वर्ग: अधिकतम ₹1 लाख वार्षिक आय
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
ऑनलाइन आवेदन करते समय विद्यार्थियों को निम्न दस्तावेज अपलोड करने होंगे—
- स्थायी जाति प्रमाण पत्र
- छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र
- पिछले वर्ष की परीक्षा का परिणाम
- अन्य आवश्यक दस्तावेज
आधार लिंक बैंक खाता होना जरूरी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति की राशि पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इसलिए आवेदन से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि बैंक खाता सक्रिय हो और आधार से लिंक हो।

ओटीआर कराना होगा अनिवार्य
शिक्षा सत्र 2026-27 से एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के सभी विद्यार्थियों के लिए एनएसपी (NSP) पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य कर दिया गया है। ओटीआर से संबंधित दिशा-निर्देश राज्य छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
Read More: PM-USHA से बदलेगी उच्च शिक्षा, 5 लाख छात्रों को लाभ
कहां मिलेगी अधिक जानकारी?
छात्रवृत्ति से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए विद्यार्थी अपने जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

