सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर लोगों से रकम लेने और बाद में संपर्क बंद कर देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रायपुर में संचालित एक कंसल्टेंसी के माध्यम से कई लोगों से अलग-अलग विभागों में नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर पैसे लिए गए।
मिली जानकारी के अनुसार, अब्दुल फिरनाज नामक व्यक्ति द्वारा रायपुर में “प्रोग्रेसिव पॉइंट” नाम से कंसल्टेंसी संचालित की जाती थी। बताया जा रहा है कि लगभग 7 वर्ष पूर्व विभिन्न लोगों से सरकारी विभागों में नौकरी लगाने का भरोसा दिलाया गया था।
आरोप है कि विधानसभा में नौकरी दिलाने के नाम पर मूलचंद कश्यप से भी ₹50,000 की राशि ऑनलाइन माध्यम से ली गई थी। संबंधित भुगतान की रसीद एवं लेन-देन से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध होने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, लंबे समय बीत जाने के बावजूद न तो नौकरी लगी और न ही राशि वापस की गई। आरोप यह भी है कि लगातार भुगतान लौटाने का आश्वासन देकर टालमटोल किया जाता रहा।
बताया जा रहा है कि आरोपी द्वारा रायपुर स्थित कार्यालय बंद कर दिया गया है और वह अपने गृह राज्य केरल चला गया, जिसके बाद उसके दुबई में होने की जानकारी सामने आई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि हाल ही में 20 फरवरी को रायपुर आकर भुगतान करने की बात कही गई थी, लेकिन अब फोन कॉल रिसीव नहीं किए जा रहे हैं और न ही किसी प्रकार का जवाब दिया जा रहा है।
मामले में पीड़ित पक्ष द्वारा संबंधित दस्तावेजों एवं लेन-देन के प्रमाण के आधार पर उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी का आरोप, लाखों रुपये लेने के बाद आरोपी फरार होने की शिकायत
रायपुर में संचालित करियर ड्रीम कंसल्टेंसी पर आरोप – विधानसभा में नौकरी दिलाने के नाम पर राशि लेने का मामला सामने आया
5

