Home » About » धान के कटोरे से वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़ का चावल
कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों के वैश्विक निर्यात पर चर्चा

धान के कटोरे से वैश्विक बाजार तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़ का चावल

जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे सुगंधित चावलों को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय पहचान; कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में बार्सिलोना में हुई महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा

by bholuchand news

रायपुर, 26 नवंबर 2026। धान के कटोरे के रूप में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि विरासत अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रदेश के पारंपरिक सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस पहल से छत्तीसगढ़ के जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे पारंपरिक चावलों की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग और निर्यात की संभावनाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में फिरा बार्सिलोना संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त  सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि  राहुल देव भी शामिल हुए। इस अवसर पर भारत के काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया आर्स निसार भी उपस्थित थीं। बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन में छत्तीसगढ़ के कृषि उत्पादों के वैश्विक निर्यात पर चर्चा

अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में दिखेगी छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावलों की पहचान

बैठक के दौरान फिरा बार्सिलोना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जेप्टरो ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय स्थापित कर प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदर्शित करने में सहयोग की बात कही। इस पहल के अंतर्गत जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ सहित प्रदेश के अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित और ब्रांडेड करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता से प्रदेश के कृषि उत्पादों को विदेशी खरीदारों, आयातकों और व्यापारिक संस्थानों तक पहुंचाने का अवसर मिल सकता है। इससे छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार विकसित करने और निर्यात को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी।

किसानों, एफपीओ और कृषि उद्यमियों को मिलेंगे नए अवसर

फिरा बार्सिलोना संस्था भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने की संभावनाएं सामने आई हैं। इस पहल से प्रदेश के किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से संपर्क स्थापित करने के नए अवसर मिल सकते हैं। विशेष रूप से छोटे किसानों और पारंपरिक कृषि उत्पादों से जुड़े उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच मिलने से उनकी उपज के बेहतर विपणन और उचित मूल्य प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। इसके साथ ही कृषि आधारित उद्यमों, प्रसंस्करण, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात संबंधी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

जीराफूल और नगरी दुबराज चावल की वैश्विक पहचान मजबूत करने पर जोर

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के कारण विशेष पहचान रखते हैं। प्रदेश की इन पारंपरिक किस्मों में जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ प्रमुख हैं। इनमें जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) प्राप्त है। जीआई टैग इन उत्पादों की विशिष्ट भौगोलिक पहचान और पारंपरिक विशेषताओं को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इन चावलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ब्रांडिंग और विपणन से किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण और उनके उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा।

निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 से कृषि उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के कृषि उत्पादों के निर्यात को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार कर रही है। छत्तीसगढ़ शासन ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के कुल निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा राज्य के कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इस पहल के माध्यम से कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, आधुनिक पैकेजिंग, गुणवत्ता मानकों और निर्यात आधारित कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाएं मजबूत होंगी।

छत्तीसगढ़ की कृषि विरासत को मिलेगी वैश्विक पहचान

कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में हुई इस पहल से छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कृषि उत्पादों को वैश्विक स्तर पर एक विशिष्ट ब्रांड के रूप में स्थापित करने की संभावनाएं बढ़ी हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेहतर पहुंच बनने से किसानों, एफपीओ, कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को नए व्यावसायिक अवसर मिल सकते हैं। इससे प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और पारंपरिक कृषि उत्पादों के संरक्षण में भी मदद मिलने की उम्मीद है। धान के कटोरे के रूप में अपनी पहचान रखने वाला छत्तीसगढ़ अब अपनी पारंपरिक कृषि संपदा को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है। बार्सिलोना में हुई यह पहल प्रदेश के किसानों की आर्थिक समृद्धि और छत्तीसगढ़ की कृषि विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

ये भी पढ़े…..शिक्षा से समाज का उत्थान कर रहे कृष्णा मानिकपुरी, मिलेगा शिक्षा रत्न सम्मान

और अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे …भोलचन्द.कॉम

You may also like