रायपुर, 28 सितंबर 2026। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर जाने वाले छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर में आयोजित होने वाले सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में भाग लेगा। इस मंच पर छत्तीसगढ़ की औद्योगिक उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्यमियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस फोरम का पहला संस्करण 5 अक्टूबर को सिंगापुर में होगा। आयोजन का उद्देश्य भारत और सिंगापुर के कारोबारी समुदायों के बीच संपर्क बढ़ाना और व्यापार एवं निवेश के अवसरों को आगे बढ़ाना है।
एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य प्रतिनिधिमंडल फोरम में छत्तीसगढ़ के एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों को साझा करेगा। राज्य की औद्योगिक संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखने के साथ सिंगापुर के व्यापार जगत, उद्यमियों और निवेशकों के साथ भविष्य के सहयोग पर संवाद किया जाएगा। इस सहभागिता के जरिए राज्य में निवेश, नवाचार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय कारोबारी संबंध विकसित करने पर ध्यान रहेगा।
कौशल विकास और हरित विकास में सहयोग की संभावनाएं
सिंगापुर प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें करेगा। इन चर्चाओं में कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। भारत और सिंगापुर के बीच पहले से ही कौशल विकास, स्थिरता, डिजिटलाइजेशन और उन्नत विनिर्माण सहित कई क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होती रही है। अगस्त 2026 में आयोजित भारत-सिंगापुर मंत्रीस्तरीय बैठक में भी इन क्षेत्रों को सहयोग के विषयों में शामिल किया गया था।
राज्य की निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखने का अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि यह यात्रा छत्तीसगढ़ को वैश्विक साझेदारों से जोड़ने और विकास के नए रास्ते तलाशने का अवसर है। राज्य सरकार का उद्देश्य वैश्विक विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार से जुड़ी संभावनाओं के माध्यम से प्रदेश में विकास और रोजगार के अवसर तैयार करना है।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
मुख्यमंत्री के साथ राज्य प्रतिनिधिमंडल में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक विश्वेश कुमार और मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) उमेश अग्रवाल शामिल रहेंगे। फोरम और सिंगापुर प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल का कार्यक्रम निवेश अवसरों को प्रस्तुत करने, संभावित साझेदारों से संवाद करने और कौशल, पर्यावरण तथा हरित विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर केंद्रित रहेगा।
ये भी पढ़े...महानदी के तटीय क्षेत्रों में राहत-बचाव के लिए प्रशासन मुस्तैद, शिवरीनारायण में कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा
और अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहें भोलूचंद.कॉम
