रायपुर, 19 नवंबर 2026। देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और पारंपरिक कलाओं का भव्य प्रदर्शन करने जा रहा है। शुक्रवार, 20 नवंबर को भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विविधता और विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में शाम 5 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
सात पारंपरिक लोकनृत्यों से सजेगी सांस्कृतिक संध्या
राज्य दिवस समारोह का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकनृत्य होंगे। कार्यक्रम में गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की भव्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश के जनजातीय जीवन, सामाजिक परंपराओं, लोक आस्थाओं और ग्रामीण संस्कृति की जीवंत तस्वीर सामने आएगी। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और संगीत की संगत में कलाकार दिल्ली के दर्शकों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक दुनिया से रूबरू कराएंगे।
जनजातीय परंपराओं और लोक आस्था का होगा प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति अपनी विविधता और सामुदायिक जीवन से गहरे जुड़ाव के लिए प्रसिद्ध है। गौर नृत्य बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ी सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का प्रतीक है। गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था एवं पारंपरिक उत्सवों से जुड़े हैं। राउत नाचा छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और यादव समाज की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है। सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति, पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा तथा करमा नृत्य जनजातीय जीवन, प्रकृति और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है।
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान
संस्कृति एवं राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और देश-विदेश से आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। राज्य दिवस समारोह में उप मुख्यमंत्रीगण, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ पवेलियन भी बना आकर्षण
भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ का पवेलियन भी देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर, हस्तशिल्प और विकास की संभावनाओं को एक साथ प्रदर्शित किया जा रहा है। पवेलियन में बस्तर की प्रसिद्ध बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद विशेष आकर्षण हैं। कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पाद प्रदेश की कृषि एवं वन संपदा की पहचान प्रस्तुत कर रहे हैं।
चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव आगंतुकों को बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता से जोड़ रहा है। वहीं स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचार, नए उत्पाद एवं व्यावसायिक पहल छत्तीसगढ़ में स्वरोजगार और उद्यमिता की बढ़ती संभावनाओं को प्रदर्शित कर रहे हैं।
भारत मंडपम में आयोजित यह सांस्कृतिक समारोह छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, जनजातीय संस्कृति और कला को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
ये भी पढ़े….बिलासपुर को मिली छत्तीसगढ़ की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग, CM विष्णु देव साय ने किया लोकार्पण
और अधिक जानकारी हेतु भोलचन्द.कॉम न्यूज़ पढ़ते रहे…

