Home » गैस सिलेंडर खरीदना हुआ आसान! 10 मिनट में होगी होम डिलीवरी
lpg-cylinder-home-delivery-instamart

गैस सिलेंडर खरीदना हुआ आसान! 10 मिनट में होगी होम डिलीवरी

by bholuchand news
नई दिल्ली। एलपीजी सिलेंडर की खरीद अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रही है। भारत में पहली बार क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Instamart ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के साथ मिलकर ऑन-डिमांड एलपीजी सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस नई सुविधा के जरिए ग्राहक मोबाइल ऐप से गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे और कम समय में उसे अपने घर पर प्राप्त कर पाएंगे।
फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से की गई है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इसे देश के अन्य शहरों में भी चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।
इन दो सिलेंडरों की मिलेगी डिलीवरी
शुरुआती चरण में ग्राहक Instamart के माध्यम से HPCL के 10 किलोग्राम HP Navya Composite LPG Cylinder और 5 किलोग्राम मेटल LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। यह सेवा खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है जिन्हें छोटे आकार के सिलेंडर की जरूरत होती है।
HP Navya सिलेंडर क्यों है खास?
HPCL का HP Navya Composite LPG Cylinder पारंपरिक गैस सिलेंडर की तुलना में हल्का और अधिक सुविधाजनक है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता इसकी पारदर्शी बॉडी है, जिससे उपभोक्ता आसानी से देख सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है। इसके अलावा यह सिलेंडर जंग भी नहीं पकड़ता, जिससे इसकी उपयोगिता और सुरक्षा दोनों बढ़ जाती हैं।
कंपनी के मुताबिक इसे छोटे परिवारों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और अपार्टमेंट में रहने वाले उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
बिना घरेलू LPG कनेक्शन भी खरीद सकेंगे सिलेंडर
इस सेवा की एक और बड़ी खासियत यह है कि नया HP Navya सिलेंडर खरीदने के लिए पहले से घरेलू एलपीजी कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। यानी नए ग्राहक भी आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
ऐसे मिलेगा रिफिल
पहली बार सिलेंडर खरीदने के बाद अगली बार ग्राहक खाली सिलेंडर लौटाकर रिफिल सिलेंडर मंगा सकेंगे। डिलीवरी की पूरी प्रक्रिया HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर और प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से पूरी की जाएगी, जिससे सुरक्षा मानकों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
ग्राहकों को मिलेगा बड़ा फायदा
कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य गैस सिलेंडर खरीदने और रिफिल कराने की प्रक्रिया को तेज, आसान और सुविधाजनक बनाना है। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए जरूरत पड़ने पर उपभोक्ताओं को कम समय में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे बार-बार गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता भी कम होगी.

You may also like