लंबे इंतजार के बाद रायपुर एक बार फिर बड़े क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है। Indian Premier League के मौजूदा सीजन में बीसीसीआई ने रायपुर को दो अहम मुकाबले सौंपे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की कमी झेल रहे छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह किसी बड़े उत्सव से कम नहीं माना जा रहा।
आरसीबी का सेकेंड होम ग्राउंड बना रायपुर
इस सीजन में रायपुर को Royal Challengers Bengaluru का सेकेंड होम ग्राउंड बनाया गया है। यहां टीम अपने दो मुकाबले खेलेगी। पहला मैच 10 मई को Mumbai Indians के खिलाफ होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 14 मई को Kolkata Knight Riders से खेला जाएगा। दोनों मैचों को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
1500 पुलिस जवान संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जारी एडवाइजरी के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था को चार हिस्सों में बांटा गया है। पूरे आयोजन के दौरान करीब 1500 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे। स्टेडियम के अंदर और बाहर निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
पहली बार सीट नंबर वाले टिकट की व्यवस्था
दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार स्टेडियम में पहली बार सीट नंबर वाले टिकट जारी किए गए हैं। हर प्रवेश द्वार पर टिकट की स्कैनिंग की जाएगी। पुलिस का कहना है कि स्कैनिंग प्रक्रिया में समय लग सकता है, इसलिए दर्शकों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने की अपील की गई है।
स्टेडियम में इन सामानों पर रहेगा प्रतिबंध
पुलिस द्वारा जारी 14 पॉइंट एडवाइजरी में कई सामानों को स्टेडियम के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, बोतल, टिफिन, कुर्सी, स्टूल, छाता, धारदार वस्तुएं, चाकू, कैंची, फटाखे, हथियार, कांच के कंटेनर, बैग, लैपटॉप, लेजर लाइट, कैमरा, स्प्रे, सिक्के, हॉकी स्टिक, झंडे, लाउड हैलर और अन्य प्रचार सामग्री शामिल हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्लान
मैच के दौरान स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है, ताकि मैच के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

