बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को एक भीषण रेल हादसा हो गया। बिलासपुर-कटनी रेल सेक्शन के लालखदान इलाके में कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि कई डिब्बे पटरी से उतर गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 12 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी है।
मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमें, मासूम को सुरक्षित निकाला गया
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। एसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर ने स्थिति का जायजा लिया। रेस्क्यू कर्मियों ने अब तक कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला है। वहीं, ट्रेन के अंदर फंसे यात्रियों को इलाज और प्राथमिक सहायता दी जा रही है। एक मासूम बच्चे को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया, जबकि एक अन्य बच्चे का शव केबिन से बरामद किया गया।
महिला आरक्षित बोगी को सबसे ज्यादा नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कोरबा पैसेंजर ट्रेन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। महिला आरक्षित बोगी को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। कई महिलाओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन कुछ अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है।
रेल संचालन ठप, कई ट्रेनें डायवर्ट
हादसे के तुरंत बाद रेलवे ने पूरे रूट पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया है। कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया है। मेडिकल यूनिट और डिविजनल अफसरों को मौके पर भेजा गया है। रेलवे प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं ताकि यात्री और उनके परिजन जानकारी प्राप्त कर सकें।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों और परिजनों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं —
📞 बिलासपुर: 7777857335, 7869953330
📞 चांपा: 8085956528
📞 रायगढ़: 9752485600
📞 पेंड्रा रोड: 8294730162
📞 कोरबा: 7869953330
रेलवे ने मुआवजे की घोषणा की
रेल एक्सीडेंट के बाद रेलवे ने मुआवजे की घोषणा की है। जिसके अनुसार, मृतकों को 10 लाख, गंभीर रूप से घायलों को 5 और घायलों को 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

