Home » महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी: योजना के दो साल पूरे…
महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी

महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त जारी: योजना के दो साल पूरे…

by bholuchand news

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना ने अपने दो सफल वर्ष पूरे कर लिए हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना ने राज्य की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। योजना की शुरुआत 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पहली किस्त जारी किए जाने के साथ हुई थी, जिसके बाद से यह योजना लगातार महिलाओं की आर्थिक मजबूती का आधार बनती जा रही है।

नारायणपुर से जारी हुई 24वीं किस्त

महतारी वंदन योजना की 24वीं किस्त मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 30 जनवरी को नारायणपुर जिले से जारी की। इस अवसर पर राज्य की 68 लाख 47 हजार 355 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 641 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई। सरकार के अनुसार यह योजना अब राज्य की सबसे व्यापक महिला कल्याण योजनाओं में शामिल हो चुकी है।

आत्मनिर्भरता की राह पर महिलाएं

योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस नियमित आय से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाएं छोटे-छोटे स्वरोजगार शुरू कर रही हैं। कई महिलाएं आर्टिफिशियल ज्वेलरी, पापड़ और खाद्य उत्पादों का निर्माण कर रही हैं, वहीं कुछ महिलाएं सिलाई-कढ़ाई और श्रृंगार से जुड़ा व्यवसाय कर अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं।

जरूरत के समय बना आर्थिक सहारा

महतारी वंदन योजना मजदूर वर्ग, छोटे किसानों और सीमित आय वाले परिवारों के लिए भी संबल साबित हुई है। बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य खर्च और अचानक आने वाली जरूरतों के लिए महिलाओं को अब दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाएं बचत और भविष्य की योजनाएं बनाने लगी हैं।

नक्सल प्रभावित इलाकों तक पहुंची योजना

सरकार के प्रयासों से सुकमा, बीजापुर, कांकेर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में भी महतारी वंदन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है। नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से अब तक 7,763 नई महिलाओं को महतारी वंदन योजना से जोड़ा जा चुका है, जिससे इन क्षेत्रों में भी महिला सशक्तिकरण को गति मिली है।

महिला सशक्तिकरण की मजबूत नींव

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास लेकर आई है। नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं की पारिवारिक और सामाजिक भागीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि यह योजना छत्तीसगढ़ को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक नई पहचान दिला रही है

You may also like