Home छत्तीसगढ़युक्तियुक्तकरण : अतिशेष प्रधान पाठक और सहायक शिक्षकों की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू, चयन के तुरंत बाद मिल रहा पदस्थापना आदेश

युक्तियुक्तकरण : अतिशेष प्रधान पाठक और सहायक शिक्षकों की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू, चयन के तुरंत बाद मिल रहा पदस्थापना आदेश

by bholuchand news

रायपुर: राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कोरबा जिले में अतिशेष प्रधान पाठकों और सहायक शिक्षकों की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कलेक्टर अजीत वसंत की उपस्थिति में यह प्रक्रिया राजीव गांधी ऑडिटोरियम, ट्रांसपोर्ट नगर में आयोजित की गई, जिसमें शिक्षकों को उनकी वरिष्ठता और प्राथमिकता के आधार पर स्कूलों का चयन करने का अवसर दिया गया।

प्रथम चरण में अतिशेष प्रधान पाठकों की काउंसिलिंग संपन्न हो चुकी है। अब सहायक शिक्षकों की काउंसिलिंग प्रक्रिया जारी है, जिसमें वे निर्धारित रिक्त स्कूलों की सूची में से अपने पसंदीदा विद्यालय का चयन कर रहे हैं।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के शिक्षकविहीन और एकल शिक्षक विद्यालयों में अतिशेष शिक्षकों का समायोजन किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को नियमित शिक्षक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त हो सकेगी।

काउंसिलिंग में भाग लेने वाले शिक्षकों को चयन के तुरंत बाद ही नवीन पदस्थापना आदेश पत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे शीघ्र ही अपने नए विद्यालय में योगदान दे सकें।

शिक्षिका ने जताई संतुष्टि:

काउंसिलिंग में भाग लेकर अपनी पसंद के विद्यालय का चयन करने वाली प्राथमिक शाला जेन्जरा की शिक्षिका श्रीमती देकुमारी साहू ने प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी है कि अब वे ढेलवाडीह विद्यालय में अपनी सेवा देंगी। उन्होंने पसंद का स्कूल मिलने पर संतोष और खुशी जताई।

You may also like