Home » प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में बड़ी राहत: रायपुर जिले को मिलेंगे 5 नए रजिस्ट्री कार्यालय
रायपुर जिले को मिलेंगे 5 नए रजिस्ट्री कार्यालय

प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन में बड़ी राहत: रायपुर जिले को मिलेंगे 5 नए रजिस्ट्री कार्यालय

by Desk 1

राजधानी रायपुर में बढ़ती प्रॉपर्टी रजिस्ट्रियों और कलेक्टोरेट स्थित पंजीयन कार्यालय में लगने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। लोगों की सुविधा के लिए जिले में 5 नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालय खोले जाएंगे। इनमें 3 कार्यालय रायपुर शहर, जबकि 1-1 कार्यालय धरसींवा और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में स्थापित किए जाएंगे।

धरसींवा और बिरगांव के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

अब तक धरसींवा और बिरगांव क्षेत्र के निवासियों को रजिस्ट्री कराने के लिए शहर के कलेक्टोरेट कार्यालय आना पड़ता था। लंबी दूरी और भारी भीड़ के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। नए रजिस्ट्री कार्यालय खुलने के बाद इन क्षेत्रों के लोगों को शहर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे उनका समय बचेगा और रजिस्ट्री प्रक्रिया कहीं अधिक सुगम हो जाएगी।

सरकारी भवनों को प्राथमिकता, विकल्प में किराए का भवन

पंजीयन विभाग के अधिकारियों के अनुसार नए कार्यालयों के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पहली प्राथमिकता सरकारी भवनों को दी जा रही है, लेकिन यदि किसी क्षेत्र में उपयुक्त शासकीय भवन उपलब्ध नहीं हुआ, तो किराए के भवन में रजिस्ट्री कार्यालय संचालित किए जाएंगे।

कमल विहार, सड्डू और टाटीबंध में खुलेंगे शहर के नए कार्यालय

रायपुर नगर निगम क्षेत्र में कमल विहार, सड्डू और टाटीबंध को नए मॉडल रजिस्ट्री कार्यालयों के लिए चुना गया है। ये क्षेत्र कलेक्टोरेट स्थित पंजीयन कार्यालय से लगभग 7–8 किलोमीटर दूर हैं। इन स्थानों के चयन से न केवल शहरी बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को भी फायदा मिलेगा। नए कार्यालय खुलने से कलेक्टोरेट में भीड़ कम होगी और रजिस्ट्री प्रक्रिया तेज होगी।

भवनों की तलाश शुरू, जल्द मिलेगी सुविधा

रायपुर पंजीयन विभाग के पंजीयक विनोज कोचे ने बताया कि जिले में कुल 5 नए रजिस्ट्री कार्यालय खोलने का प्रस्ताव है। इसके लिए शासकीय भवनों की तलाश जारी है। जहां भवन उपलब्ध नहीं होंगे, वहां किराए के भवन में कार्यालय शुरू किए जाएंगे।

 

You may also like