अमेरिका-ईरान तनाव का असर अब भारत के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल सप्लाई पर दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और बस्तर में ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होने से कई पेट्रोल पंप बंद हो गए हैं, जबकि कई जगह ड्राई जैसी स्थिति बन गई है। लोगों में बढ़ती घबराहट के कारण खुले पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं ।
रायपुर जिले में पेट्रोल और डीजल की कम सप्लाई के चलते करीब 20 पेट्रोल पंप बंद हो चुके हैं। वहीं 30 से ज्यादा पंपों पर स्टॉक बेहद कम बचा है। राजधानी के शहरी और ग्रामीण इलाकों में कई जगह लोगों को ईंधन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। बिलासपुर में भी चार पेट्रोल पंप बंद होने की खबर है, जबकि बस्तर में भी हालात सामान्य नहीं हैं।
Administration का दावा- Panic होने की जरूरत नहीं
प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सप्लाई में देरी के कारण अस्थायी परेशानी हुई है। खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा के अनुसार कंपनियां लगातार पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति कर रही हैं और अगले एक-दो दिनों में हालात सामान्य हो जाएंगे। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक खरीदारी से बचने की अपील की है।
Demand ज्यादा, Supply आधी होने से बढ़ी परेशानी
एचपीसीएल, इंडियन ऑयल और बीपीसीएल के कई पंपों पर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक खत्म हो चुका है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि डिमांड की तुलना में आधी सप्लाई मिल रही है और ऑर्डर के कई दिन बाद डिलीवरी हो रही है। इसी वजह से कई पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है।
PM Modi की Appeal का गलत असर, लोग करा रहे ज्यादा Fuel Filling
छत्तीसगढ़ पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धकड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल कम उपयोग करने की अपील को लोग गलत तरीके से ले रहे हैं। लोगों को लग रहा है कि आने वाले दिनों में बड़ा संकट आ सकता है, इसलिए वे जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं। इसी कारण कई पंपों पर भीड़ बढ़ गई है और ड्राई जैसी स्थिति बन रही है।

