छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इसी कड़ी में प्रदेशवासियों के लिए एक बड़ी सौगात तैयार की जा रही है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राजधानी रायपुर में 23 से 25 नवंबर 2025 तक राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला रायपुर के बीटीआई ग्राउंड, शंकर नगर में होगा।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस मेले में राज्यभर की आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं की जानकारी एक ही मंच पर मिलेगी। यहां स्पॉट बुकिंग, बैंक लोन सुविधा और पंजीकरणकर्ताओं के लिए आकर्षक उपहार जैसी विशेष व्यवस्थाएँ भी रहेंगी।
2000 करोड़ की नई आवासीय योजनाओं की होगी शुरुआत
इस आयोजन के दौरान गृह निर्माण मंडल लगभग 2000 करोड़ रुपए की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ करेगा। इन योजनाओं में लगभग 70 प्रतिशत आवास समाज के कमजोर आय वर्ग (EWS/LIG) के लिए आरक्षित रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को अपना घर मिल सके।
जनता का बढ़ा विश्वास, मिलेगा रोजगार और राहत
राज्योत्सव 2025 के दौरान नवा रायपुर में गृह निर्माण मंडल के स्टॉल को जनता से शानदार प्रतिसाद मिला था। इस उत्साह को देखते हुए अब राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित किया जा रहा है।
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि इस मेले के माध्यम से लोग एक ही स्थान पर सभी योजनाओं की जानकारी, आवेदन और बुकिंग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि “वन टाइम सेटलमेंट योजना-2” जैसी पहलों से आम नागरिकों को भवन मूल्य में 30 प्रतिशत तक की छूट देकर किफायती मकान मुहैया कराए जा रहे हैं।
2027 तक हर परिवार के पास पक्का घर – मंत्री ओपी चौधरी
आवास मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक हर परिवार के पास अपना पक्का घर हो। यह राज्य स्तरीय मेला प्रदेशवासियों के लिए किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
मुख्यमंत्री साय बोले – यह घर नहीं, सपनों का उत्सव है
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ मंत्र को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है। गृह निर्माण मंडल द्वारा शुरू की जा रही 2000 करोड़ की योजनाएँ कमजोर और मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए आशा की नई किरण हैं। राज्य स्तरीय आवास मेला केवल घरों का नहीं, बल्कि सपनों को आकार देने का उत्सव है।”

