रायपुर | Bholuchand News | 13 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 14 जून 2026 को जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) स्थित मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिले को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री जिले में कुल 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 341 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
159 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री श्री साय 70.10 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें जल संसाधन, वन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, सीजीएमएससी, नगरीय प्रशासन और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से जिले में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण विकास को मजबूती मिलेगी।
182 कार्यों का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री 224.90 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 182 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, सीजीएमएससी, गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल, नगरीय प्रशासन और पंचायत विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
इन योजनाओं के पूरा होने से जिले में आधारभूत संरचना का विस्तार होगा और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य और पेयजल पर विशेष जोर जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा, उनमें सड़क निर्माण, पुल निर्माण, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, स्वास्थ्य अधोसंरचना, ग्रामीण विकास योजनाएं और पेयजल परियोजनाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। इससे जांजगीर-चांपा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
जिले को मिलेगी विकास की नई पहचान
मुख्यमंत्री के इस दौरे को जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभिन्न विभागों की परियोजनाओं के शुरू होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

