रायपुर, 13 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय 14 जून को जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) में आयोजित कार्यक्रम में जिले को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय अपने प्रवास के दौरान सत्य निज नाम बोध संस्थान, पोंड़ी (राछा) में आयोजित सत्य निज नाम सत्संग सम्मेलन में भी शामिल होंगे और उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू करेंगे। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा विधायक ब्यास कश्यप, राघवेन्द्र कुमार सिंह, श्रीमती शेषराज हरबंश, बालेश्वर साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, जनपद पंचायत नवागढ़ की अध्यक्ष श्रीमती कांता कश्यप एवं ग्राम पंचायत पोंड़ी की सरपंच श्रीमती सरोजनी आशिकर भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
जिले में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के साथ आयोजित यह कार्यक्रम विकास और सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण केंद्र बनने जा रहा है। स्थानीय नागरिकों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है।

