Home » अयोध्या दीपोत्सव 2025: 26 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी, बनेगा विश्व रिकॉर्ड
अयोध्या दीपोत्सव होगा बेहद खास

अयोध्या दीपोत्सव 2025: 26 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी, बनेगा विश्व रिकॉर्ड

by Desk 1

अयोध्या: श्रीराम की नगरी, एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में है। दीपावली से पहले आयोजित होने वाले दीपोत्सव 2025 को इस बार और भी भव्य, दिव्य और अद्वितीय रूप दिया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण बनेंगे राम की पैड़ी पर स्थापित किए जा रहे छह विशालकाय दीपक, जो न केवल आस्था के प्रतीक होंगे बल्कि अयोध्या के गौरवशाली सांस्कृतिक इतिहास को एक स्थायी पहचान भी देंगे।

पत्थरों में तराशी जा रही श्रद्धा की लौ

इन विशाल दीपों का निर्माण बिहार के कुशल शिल्पकारों द्वारा किया जा रहा है। पत्थरों को तराशकर बनाए जा रहे ये दीपक आधुनिक तकनीक से भी युक्त होंगे, जिन्हें भविष्य में बिजली से प्रज्वलित किया जा सकेगा। फिलहाल समय की सीमितता के कारण इन्हें तेल से जलाया जाएगा। 10 अक्टूबर तक इनका निर्माण कार्य पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य है।

राम की पैड़ी का हो रहा भव्य कायाकल्प

दीपोत्सव को और भी खास बनाने के लिए राम की पैड़ी का भव्य सौंदर्यीकरण चल रहा है। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा करीब 15 करोड़ रुपए की लागत से घाटों, सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्र को सजाया जा रहा है। यहां ऐसी सीढ़ियाँ बनाई जा रही हैं जिन्हें भविष्य में ओपन थिएटर के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।

2025 का दीपोत्सव: रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाएगा

इस वर्ष का दीपोत्सव अपने आप में एक ऐतिहासिक अध्याय बनने जा रहा है। अनुमान है कि 26 लाख से अधिक मिट्टी के दीयों को जलाकर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। 2,100 श्रद्धालु एक साथ करेंगे भव्य राम आरती। 1,100 ड्रोन आकाश में रामायण और अयोध्या के दृश्य रचेंगे।

विशेष राम परिक्रमा यात्रा: संतों के सान्निध्य में रामराज्य की अनुभूति

दीपोत्सव से पूर्व 12 अक्टूबर को एक विशेष राम परिक्रमा यात्रा निकाली जाएगी, जिसका नेतृत्व राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महंत दिनेंद्र दास करेंगे। निर्मोही अखाड़ा द्वारा आयोजित इस परिक्रमा में देशभर से 1500 से अधिक संत और हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे।

You may also like