Home » About » नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा
chhattisgarh-state-day-bharat-mandapam-vishnu-dev-sai-2026.webp

नक्सलवाद के साये से समृद्धि के उजाले तक, भारत मंडपम में दिखा नए छत्तीसगढ़ का नया चेहरा

भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में लोक संस्कृति की भव्य प्रस्तुति, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले—राज्य गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए

by bholuchand news

रायपुर । नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार की शाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के रंगों से सराबोर रही। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और लोक संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत, लोक कलाओं, प्राकृतिक सुंदरता और विकास की संभावनाओं की शानदार झलक देखने को मिली। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित इस कार्यक्रम ने प्रदेश की बदलती पहचान और नए छत्तीसगढ़ के स्वरूप को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।

छत्तीसगढ़ की बदलती पहचान पर मुख्यमंत्री का जोर

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया के सामने नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में नजर आया छत्तीसगढ़ का स्वरूप इसी बदलाव की कहानी बयां कर रहा है। यहां परंपरा और आधुनिकता, विरासत और विकास तथा स्थानीय हुनर और आर्थिक संभावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर है, जब वे इतनी बड़ी संख्या में अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यहां छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत और विकास की अनूठी झलक दिखाई दे रही है, जो प्रदेश की बदलती तस्वीर और नई पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रही है।

छत्तीसगढ़ राज्य दिवस 2026, विष्णु देव साय, रमेन डेका, भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026, भारत मंडपम, छत्तीसगढ़ समाचार, छत्तीसगढ़ लोक संस्कृति, बस्तर संस्कृति, गौर नृत्य, राउत नाचा, पंथी नृत्य, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, छत्तीसगढ़ पर्यटन, छत्तीसगढ़ निवेश, चित्रकोट जलप्रपात, Bholuchand.com

निवेशकों को छत्तीसगढ़ में निवेश का राज्यपाल ने दिया आमंत्रण

राज्यपाल  रमेन डेका ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, कृषि, उद्योग और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास की व्यापक संभावनाओं वाला राज्य है। प्रदेश में इस्पात, सीमेंट, ऊर्जा, एल्युमिनियम, खाद्य प्रसंस्करण और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अपार अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि नवीन औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के माध्यम से निवेश, रोजगार सृजन और उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्यपाल ने देश-विदेश से आए उद्योगपतियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का लाभ उठाने तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कृषि आधारित उद्योगों तथा लघु वनोपज के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों के विकास से स्थानीय लोगों की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

किसान, युवा, महिलाएं और शिल्पकार हैं छत्तीसगढ़ की असली ताकत

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ की वास्तविक शक्ति यहां के मेहनतकश किसान, प्रतिभाशाली युवा, महिलाएं और कुशल शिल्पकार हैं। युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने के साथ ही महिला स्व-सहायता समूहों और स्थानीय शिल्पकारों के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, हथकरघा और पर्यटन स्थलों में आर्थिक विकास तथा रोजगार सृजन की अपार संभावनाएं हैं। विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। राज्यपाल ने सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से समृद्ध, औद्योगिक रूप से सशक्त, सांस्कृतिक रूप से गौरवशाली और सामाजिक रूप से समरस राज्य बनाने का आह्वान किया।

भारत मंडपम में बिखरे छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग

भारत मंडपम के एम्फीथिएटर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण प्रदेश के लोक कलाकारों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे कलाकारों ने अपनी नृत्य मुद्राओं, लोक संगीत की मधुर धुनों और तालबद्ध प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। मांदर, ढोल और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण में उत्सव का रंग भर दिया। गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं की झलक देखने को मिली, वहीं गौरा-गौरी नृत्य ने प्रदेश की लोक आस्था और परंपराओं से दर्शकों को परिचित कराया। भोजली नृत्य में छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति लोक आस्था की अभिव्यक्ति हुई।

पारंपरिक वेशभूषा और विशिष्ट नृत्य शैली के साथ प्रस्तुत राउत नाचा ने प्रदेश की लोक परंपराओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। सुआ नृत्य की लयबद्ध प्रस्तुति में छत्तीसगढ़ की महिलाओं की लोक परंपराओं और सामूहिक सांस्कृतिक जीवन की झलक दिखाई दी। पंथी नृत्य के माध्यम से सतनामी समाज की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का प्रदर्शन किया गया, जबकि करमा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने प्रकृति और सामूहिक उत्सव की भावना को जीवंत कर दिया। अलग-अलग अंचलों की इन लोक नृत्य शैलियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया। कलाकारों की रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, लोक वाद्ययंत्र और सामूहिक नृत्य मुद्राएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

छत्तीसगढ़ राज्य दिवस 2026, विष्णु देव साय, रमेन डेका, भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026, भारत मंडपम, छत्तीसगढ़ समाचार, छत्तीसगढ़ लोक संस्कृति, बस्तर संस्कृति, गौर नृत्य, राउत नाचा, पंथी नृत्य, सुआ नृत्य, करमा नृत्य, छत्तीसगढ़ पर्यटन, छत्तीसगढ़ निवेश, चित्रकोट जलप्रपात, Bholuchand.com

समारोह में शामिल हुए कई मंत्री और जनप्रतिनिधि

छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री  तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री  अरुण साव एवं  विजय शर्मा, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल, कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री  गुरु खुशवंत साहेब, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री  श्याम बिहारी जायसवाल, राज्यसभा सांसद  देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) के अध्यक्ष  राजीव अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष  राकेश पाण्डेय, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज विशेष रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का किया भ्रमण

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों और उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर वहां प्रदर्शित उत्पादों, हस्तशिल्प कलाकृतियों और स्थानीय विशेषताओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बस्तर की पारंपरिक बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों तथा वनोपज आधारित उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की भी जानकारी ली तथा छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित किए जाने की सराहना की।

चित्रकोट जलप्रपात का 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव बना आकर्षण

मुख्यमंत्री  साय ने पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की विशेष सराहना की। इस तकनीक के माध्यम से आगंतुकों को बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करना पर्यटन को बढ़ावा देने का अभिनव प्रयास है। इससे देश-विदेश के आगंतुक छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं से परिचित हो रहे हैं।

अधिकारियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ की इन्वेस्टमेंट कमिश्नर  ऋतु सैन, संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव  राजेश सिंह राणा, मुख्यमंत्री के सचिव  राहुल भगत, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक  विश्वेश कुमार, छत्तीसगढ़ की आवासीय आयुक्त  श्रुति सिंह तथा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उप संचालक  पंकज कुमार अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भारत मंडपम में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह ने प्रदेश की लोक संस्कृति, जनजातीय विरासत, हस्तशिल्प, पर्यटन और औद्योगिक संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की परंपराओं और विकास के नए अवसरों को एक साथ सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बना।

ये भी पढ़े….छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर भर्ती

और अधिक जानकारी हेतु भोलचन्द.कॉम न्यूज़ पढ़ते रहे…

You may also like