रायपुर, 7 जुलाई 2026।
राजधानी रायपुर और प्रदेश के व्यापारिक विकास के लिए बहुप्रतीक्षित डूमरतराई नवीन थोक बाजार अब पूरी तरह तैयार है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित इस अत्याधुनिक व्यापारिक परिसर का लोकार्पण एवं नामकरण 8 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय करेंगे। यह आधुनिक थोक बाजार प्रदेश के व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों को समर्पित किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण, वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, व्यापारी संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा रायपुर के डूमरतराई नवीन थोक बाजार का लोकार्पण।
5 जुलाई का कार्यक्रम स्थगित, अब 8 जुलाई को होगा लोकार्पण
उल्लेखनीय है कि इस परियोजना का लोकार्पण पहले 5 जुलाई 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 8 जुलाई को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
36 एकड़ में विकसित हुआ आधुनिक व्यापारिक परिसर
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित डूमरतराई का यह अत्याधुनिक थोक बाजार आधुनिक व्यापारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
परिसर में व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा के लिए चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था, आधुनिक दुकानें, विशाल हॉल, बेहतर जल निकासी, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सरकार का मानना है कि यह परियोजना रायपुर को प्रदेश के प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
221 करोड़ रुपये से विकसित हुई परियोजना
डूमरतराई व्यापारिक परिसर का निर्माण दो चरणों में किया गया है।
प्रथम चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें एवं हॉल बनाए गए।
वहीं द्वितीय चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति के साथ विभिन्न श्रेणियों की 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया।
दोनों चरण पूरे होने के बाद प्रदेश को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय थोक व्यापारिक परिसर की सौगात मिली है।
व्यापार, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
राज्य सरकार का मानना है कि डूमरतराई का नया थोक बाजार केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने, नए रोजगार सृजित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
विशेषज्ञों के अनुसार एक ही परिसर में आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध होने से व्यापारियों का समय और लागत दोनों कम होंगे, जिससे व्यवसाय करना और अधिक आसान होगा।
यह परियोजना लंबे समय से आधुनिक व्यापारिक परिसर की मांग कर रहे व्यापारियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है।
प्रदेशवासियों को मिलेगा आधुनिक व्यापारिक केंद्र
डूमरतराई का यह नया बाजार प्रदेश के व्यापारियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराएगा। साथ ही छोटे और मध्यम कारोबारियों को बेहतर व्यापारिक अवसर भी मिलेंगे।
सरकार का उद्देश्य इस परियोजना के माध्यम से रायपुर को मध्य भारत के प्रमुख थोक व्यापार केंद्रों में शामिल करना है।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि होंगे शामिल
लोकार्पण एवं नामकरण समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक श्री राजेश मूणत, श्री मोतीलाल साहू, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव, रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और व्यापारी संगठन मौजूद रहेंगे।
विकास और जनसेवा का प्रतीक बनेगा नया बाजार
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अनुसार डूमरतराई का यह नवीन थोक बाजार गुणवत्ता, आधुनिक अधोसंरचना और जनसेवा के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता का उदाहरण है।
आने वाले वर्षों में यह परियोजना प्रदेश के व्यापार, निवेश, लॉजिस्टिक्स, रोजगार सृजन और समग्र आर्थिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
यह भी पढ़ें..पद्म विभूषण तीजन बाई : पंडवानी की अमर आवाज हुई खामोश

