Home » रायपुर: चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना से छत्तीसगढ़ के विकास और ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती
champa-korba-third-rail-line-project.jpg

रायपुर: चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना से छत्तीसगढ़ के विकास और ऊर्जा सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती

by Bholuchand News

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय रेलवे द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत 755 करोड़ रुपये की लागत वाली चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास, बेहतर रेल कनेक्टिविटी और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार तीसरी रेल लाइन बनने से यात्री ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु होगा, रेल यातायात में बाधाएं कम होंगी और भविष्य में नई यात्री ट्रेनों के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इससे आम यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि कोरबा देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में जाना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में कोयले की आपूर्ति देशभर के बिजली संयंत्रों तक की जाती है। चांपा-कोरबा रेलखंड एसईसीएल और एमसीएल की खदानों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। नई रेल लाइन बनने से कोयला परिवहन की क्षमता बढ़ेगी और देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से केवल माल परिवहन ही नहीं बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा। उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, निवेश बढ़ेगा, व्यापार का विस्तार होगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे कोरबा, जांजगीर-चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास को अभूतपूर्व प्राथमिकता मिली है। प्रदेश में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। वर्ष 2014 के बाद रेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है और प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

You may also like