Home » दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों और चिकित्सकों को मिलेगी आवासीय सुविधा, डीएमएफ से 5 करोड़ से अधिक के निर्माण कार्य स्वीकृत
surguja-teacher-medical-staff-quarter.

दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षकों और चिकित्सकों को मिलेगी आवासीय सुविधा, डीएमएफ से 5 करोड़ से अधिक के निर्माण कार्य स्वीकृत

by Bholuchand News

रायपुर, 18 जून 2026। सरगुजा जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से शिक्षकों और चिकित्सकों के लिए आवासीय सुविधाओं के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस पहल के तहत 5 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल स्टाफ क्वार्टर और शिक्षक आवास बनाए जाएंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा (अंबिकापुर), कमलेश्वरपुर (मैनपाट), गुतुरमा (सीतापुर), केदमा (उदयपुर) और कुदरी (लखनपुर) में 25 मेडिकल स्टाफ क्वार्टरों के निर्माण हेतु 2.49 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को सौंपी गई है।
इसी प्रकार दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को बेहतर आवास उपलब्ध कराने के लिए विकासखंड मैनपाट के नर्मदापुर तथा उदयपुर विकासखंड में 30 शिक्षक आवास (ट्रांजिट हॉस्टल) बनाए जाएंगे। इसके लिए 2.55 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा।

इन आवासीय परियोजनाओं के पूरा होने से शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों को कार्यस्थल के समीप सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवास मिलेगा। इससे विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी तथा स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ेगी। इसका सीधा लाभ आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के रूप में मिलेगा।

You may also like