रायपुर, 12 जून 2026
मध्य भारत के अग्रणी स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स, रायपुर द्वारा कैंसर उपचार और शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ का आयोजन 13 एवं 14 जून 2026 को होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल, रायपुर में किया जाएगा। दो दिवसीय इस सम्मेलन में देशभर के 300 से अधिक प्रतिष्ठित ऑन्कोलॉजिस्ट, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भाग लेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य कैंसर के निदान और उपचार में हो रहे नवीनतम वैज्ञानिक विकास, अत्याधुनिक तकनीकों और शोध आधारित उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञों के बीच ज्ञान साझा करना है। आयोजन के दौरान कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में तेजी से उभर रही प्रिसिजन मेडिसिन, इम्यूनोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स और रोगी-केंद्रित उपचार मॉडल जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि कैंसर उपचार के क्षेत्र में हो रहे लगातार बदलावों के बीच चिकित्सकों और शोधकर्ताओं के लिए नवीनतम जानकारियों से अपडेट रहना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ऑन्कोस्फीयर 2.0 को राष्ट्रीय स्तर पर ज्ञान और अनुभव साझा करने के मंच के रूप में विकसित किया गया है।
सम्मेलन में मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी तथा हेमेटोलॉजिकल मैलिग्नेंसी जैसे विषयों पर वैज्ञानिक सत्र, मुख्य व्याख्यान, विशेषज्ञ पैनल चर्चा और केस आधारित शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से कैंसर रोगियों के उपचार की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए नई रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श होगा।
मीडिया से चर्चा करते हुए रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स के प्रबंध निदेशक एवं क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप दवे ने कहा कि भारत में कैंसर उपचार के क्षेत्र में तकनीकी और वैज्ञानिक प्रगति के कारण उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं। ऐसे समय में विशेषज्ञों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वरिष्ठ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रवि जायसवाल ने कहा कि आज कैंसर उपचार केवल पारंपरिक पद्धतियों तक सीमित नहीं है। प्रिसिजन मेडिसिन, इम्यूनोथेरेपी और टार्गेटेड थेरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों ने मरीजों के उपचार और परिणामों को नई दिशा दी है। ऑन्कोस्फीयर 2.0 चिकित्सकों को नवीनतम शोध और तकनीकों से परिचित कराने का प्रभावी मंच साबित होगा।
सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले विशेषज्ञ कैंसर देखभाल के भविष्य, आधुनिक उपचार पद्धतियों और शोध आधारित नवाचारों पर अपने अनुभव साझा करेंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे शैक्षणिक आयोजन कैंसर उपचार के स्तर को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
रायपुर में होगा राष्ट्रीय ऑन्कोलॉजी सम्मेलन ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’, कैंसर उपचार की नई तकनीकों पर मंथन करेंगे देशभर के विशेषज्ञ
रायपुर में होगा राष्ट्रीय ऑन्कोलॉजी सम्मेलन ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’, कैंसर उपचार की नई तकनीकों पर मंथन करेंगे देशभर के विशेषज्ञ
124.5K

