अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों का चयन लिखित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा, जिसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार इच्छुक विद्यार्थी ऑफलाइन आवेदन पत्र जिला कार्यालय मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 20 जून 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने विद्यालय में आवेदन जमा करना होगा।
विद्यालय प्रमुख 22 जून तक आवेदन पत्रों का परीक्षण कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजेंगे। इसके बाद समस्त आवेदनों की सूची तैयार कर 24 जून तक सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय कोरिया को प्रेषित की जाएगी। 25 जून को परीक्षा केंद्रों का निर्धारण तथा प्रवेश पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
योजना के तहत प्रवेश परीक्षा 05 जुलाई 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिला एवं विकासखंड स्तर पर आयोजित होगी। राज्य मुख्यालय द्वारा 03 जुलाई को सीलबंद प्रश्न पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे।
परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 06 जुलाई से प्रारंभ होगा तथा परिणाम समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और जिला वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाएंगे। अभ्यर्थी एवं अभिभावक 09 जुलाई तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त आपत्तियों का निराकरण 10 जुलाई तक किया जाएगा।
अंतिम मेरिट सूची 11 जुलाई 2026 को जारी होगी। चयनित विद्यार्थियों और अभिभावकों को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई को जिला स्तरीय काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों की जानकारी 15 जुलाई को राज्य मुख्यालय भेजी जाएगी।
यह योजना अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उत्कृष्ट विद्यालयों में अध्ययन का अवसर प्रदान कर उनके शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। विभाग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से समय पर आवेदन करने की अपील की है।

