रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित की जाने वाली मंडी बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसके लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यह परीक्षा प्रदेश के 16 जिलों में आयोजित की जा रही है, हालांकि इसमें सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की समय-सारणी के अनुसार यह लिखित परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
अधिकारियों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद आने वाले किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन अवश्य कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।कुछ दिशा निर्देश दिए गए हैं , की परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष ड्रेस कोड भी लागू किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनकर आने की सलाह दी गई है। गहरे रंग जैसे काला, नीला, मैरून या चॉकलेटी रंग के कपड़ों पर प्रतिबंध रहेगा।
इसके साथ ही परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, पर्स, बेल्ट, टोपी और अन्य आभूषण ले जाना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक में आने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को केवल नीले या काले बॉल पेन साथ लाने की अनुमति दी गई है। अनुचित साधनों का उपयोग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
👉 ऐसी ही ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें Bholuchand.com के साथ

