Home » कॉलेजों में बड़ी भर्ती: 625 सहायक प्राध्यापक सहित 700 पदों पर होगी नियुक्ति
कॉलेजों में बड़ी भर्ती

कॉलेजों में बड़ी भर्ती: 625 सहायक प्राध्यापक सहित 700 पदों पर होगी नियुक्ति

by Desk 1

रायपुर:  छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षकों और अन्य शैक्षणिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग द्वारा कुल 700 पदों पर नियुक्ति की जाएगी, जिसमें सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के पद शामिल हैं।

भर्ती के लिए विभाग ने आरक्षण नियमों के अनुसार विषयवार रिक्तियों का निर्धारण कर लिया है और विस्तृत रोस्टर भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए 24 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को विस्तृत जानकारी के साथ प्रस्ताव भेजा गया है।

सहायक प्राध्यापक के 625 पदों पर भर्ती

जानकारी के अनुसार शासकीय महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के कुल 625 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इनमें हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, राजनीति शास्त्र, भौतिक शास्त्र, गणित, रसायन शास्त्र, वनस्पति शास्त्र और प्राणीशास्त्र जैसे विषयों में 50-50 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा अर्थशास्त्र, इतिहास और भूगोल में 25-25 पदों पर भर्ती की जाएगी। कम्प्यूटर एप्लीकेशन के 15 पद, वाणिज्य के 75 पद और विधि विषय के 10 पदों को भी इसमें शामिल किया गया है।

ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के पद भी शामिल

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा सहायक प्राध्यापक के अलावा ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के पदों पर भी भर्ती की जाएगी। विभाग के अनुसार ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इस प्रकार राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में कुल 700 पदों को भरने की तैयारी की जा रही है।

High Education dept

लोक सेवा आयोग जारी करेगा विज्ञापन

भर्ती प्रक्रिया के तहत विभाग ने शैक्षणिक योग्यता, भर्ती नियम, श्रेणीवार पदों का विवरण, परीक्षा का पाठ्यक्रम और विज्ञापन का प्रारूप भी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को भेज दिया है। अब आयोग द्वारा प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद इन पदों के लिए आधिकारिक भर्ती विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे जाएंगे।

कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था होगी मजबूत

इन पदों पर भर्ती होने से राज्य के शासकीय महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी। लंबे समय से कई कॉलेजों में शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। नई नियुक्तियों के बाद कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों को बेहतर व गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिल सकेगी।

फिलहाल अतिथि शिक्षक संभाल रहे जिम्मेदारी

वर्तमान में कई शासकीय महाविद्यालयों में नियमित शिक्षकों की कमी को देखते हुए विभाग ने अतिथि प्राध्यापकों की नियुक्ति की है। यह व्यवस्था सहायक प्राध्यापक के साथ-साथ ग्रंथपाल और क्रीड़ा अधिकारी के पदों पर भी लागू है, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। विभाग के अनुसार अधिकांश अतिथि शिक्षक पीएचडी डिग्रीधारी हैं और उन्होंने नेट या सेट जैसी पात्रता परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की हैं। ये शिक्षक राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधानों के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।

 

You may also like