छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के किसानों के लिए होली से पहले बड़ी खुशखबरी दी है। राज्य में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को 28 फरवरी को धान बोनस की राशि दी जाएगी। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत कुल ₹10,292 करोड़ की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
मंत्रिपरिषद की बैठक में लिया गया अहम निर्णय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में किसानों के हित में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। सरकार ने तय किया कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि होली पर्व से पहले एकमुश्त दी जाएगी। इस फैसले से 25 लाख से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
25 लाख से ज्यादा किसानों ने बेचा 141.04 लाख मीट्रिक टन धान
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान प्रदेश के 25 लाख 24 हजार 339 किसानों से कुल 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत बीते दो वर्षों में किसानों को धान मूल्य अंतर के रूप में ₹25,000 करोड़ से अधिक की राशि दी जा चुकी है। अब होली से पहले ₹10,000 करोड़ से अधिक का भुगतान होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर ₹35,000 करोड़ से ज्यादा हो जाएगा।
किसानों की खुशहाली हमारी प्राथमिकता: CM साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसान प्रदेश की आत्मा और अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। सरकार केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उनके परिश्रम का उचित मूल्य और सम्मान देना अपना दायित्व मानती है। इस निर्णय से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और त्योहार की खुशियां भी बढ़ेंगी।
किसानों को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम
राज्य सरकार ने दोहराया कि किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। धान बोनस का यह निर्णय उसी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

