Home » राज्य में खुलेंगे 12 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 144 नए पदों की मिली स्वीकृति
राज्य में खुलेंगे 12 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

राज्य में खुलेंगे 12 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 144 नए पदों की मिली स्वीकृति

by Desk 1

रायपुर: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 12 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की स्वीकृति प्रदान की है। यह निर्णय वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुख्य बजट में किए गए प्रावधान के तहत लिया गया है, जिसमें नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना की घोषणा की गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में औपचारिक आदेश भी जारी कर दिए हैं।

इन क्षेत्रों में स्थापित होंगे नए स्वास्थ्य केंद्र

जारी आदेश के अनुसार नगर निगम चिरमिरी के कोरिया कालरी, खड़गवां जनपद के ग्राम पंचायत जरौंधा, कोंडागांव विकासखंड के ग्राम गोलावंड, बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम मुरमा, कोरिया जिले के ग्राम सकरिया, राजपुर विकासखंड के ग्राम सेवारी, दरभा विकासखंड के ग्राम पोड़ागुड़ा एवं ग्राम चिंतापुर, दुलदुला विकासखंड के ग्राम करडेगा, फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पेटामारा (अकीरा) और ग्राम गंझियाडीह तथा कुनकुरी विकासखंड के ग्राम केराडीह में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएंगे।

प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में स्वीकृत किए गए पद

प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पदों को भी मंजूरी दी गई है। इनमें एक चिकित्सा अधिकारी, एक ग्रामीण चिकित्सा सहायक, एक फार्मासिस्ट ग्रेड-2, एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता, तीन स्टाफ नर्स, एक लैब टेक्निशियन, एक सहायक ग्रेड-3, एक वार्ड बॉय और दो आया के पद शामिल हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा।

You may also like