रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी जयंती के अवसर पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रहित को समर्पित रहा अटलजी का जीवन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के प्रति उनकी सोच ने उन्हें देशवासियों के हृदय में अमर बना दिया। उन्होंने कहा कि अटलजी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि, दूरदर्शी विचारक और करुणामय जननायक भी थे।
अटलजी के नेतृत्व में देश को मिली नई दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और पारदर्शिता की नई दिशा प्राप्त की। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का उनका संकल्प आज भी सरकार की नीतियों का मूल आधार है।
छत्तीसगढ़ में सुशासन को सशक्त बनाने के प्रयास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाएं और जनविश्वास की पुनर्स्थापना के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह पूरी यात्रा अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और आदर्शों से प्रेरित है।

