CG JOB : रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार प्लेसमेंट कैंप और विभिन्न विभागीय भर्तियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में अंबिकापुर, बिलासपुर और बालोद जिलों में अलग-अलग पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया और प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें इच्छुक अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
अंबिकापुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की खुली भर्ती
CG JOB : बाल विकास परियोजना अंबिकापुर (शहरी) अंतर्गत रिक्त आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। परियोजना अधिकारी के अनुसार आवेदन की प्रक्रिया 17 दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर 2025 तक चलेगी।
इस भर्ती में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का 01 पद और सहायिका के 03 पद भरे जाएंगे। महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक 06 के दुबे कॉलोनी स्थित केदारपुर आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता का एक पद, जबकि श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 03 के बंगालीपारा केंद्र, रामानुज वार्ड क्रमांक 33 के हरिजनपारा केंद्र और डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड क्रमांक 45 के खरसिया नाका केंद्र में सहायिका के पद रिक्त हैं।
इन पदों के लिए केवल महिला अभ्यर्थी पात्र होंगी। आवेदन पत्र कार्य दिवसों में कार्यालयीन समय पर बाल विकास परियोजना अंबिकापुर (शहरी) कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं या पंजीकृत डाक से भेजे जा सकते हैं। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी परियोजना कार्यालय एवं नगर निगम अंबिकापुर के सूचना पटल पर उपलब्ध है।
CG JOB : बिलासपुर में 16 दिसंबर को सुजुकी मोटर्स का प्लेसमेंट कैंप
आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, कोनी (बिलासपुर) में 16 दिसंबर 2025 को सुजुकी मोटर्स गुजरात प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में 10वीं उत्तीर्ण एवं आईटीआई पास अभ्यर्थियों को नौकरी का अवसर मिलेगा।
अभ्यर्थियों के लिए 10वीं में न्यूनतम 40 प्रतिशत और संबंधित आईटीआई ट्रेड में 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, फिटर, वेल्डर, टर्नर, वायरमैन, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक सहित विभिन्न ट्रेड शामिल हैं। 18 से 26 वर्ष आयु वर्ग के केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को एफटीसी के तहत 25 हजार 300 रुपये और अप्रेंटिसशिप के दौरान 19 हजार 500 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 16 दिसंबर को सुबह 9 बजे आईटीआई कोनी में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो सकते हैं।
बालोद में 24 दिसंबर को बड़े पैमाने पर प्लेसमेंट कैंप
CG JOB : जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र बालोद में बुधवार, 24 दिसंबर को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस कैंप में तीन निजी नियोजकों द्वारा 600 से अधिक पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी के अनुसार एसआर हॉस्पिटल रिसर्च सेंटर, चिखली (दुर्ग) में मेडिकल ऑफिसर, डेंटिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, डायलिसिस टेक्नीशियन, फील्ड ऑफिसर, मैनेजर, गार्ड, अकाउंटेंट, वेल्डर और फिटर सहित 98 पद भरे जाएंगे। वहीं एसआईएसएस दुर्ग में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 481 पद तथा जिंदल स्टील एंड मशीन, रायपुर में मैकेनिस्ट, टर्नर और वेल्डर के 60 पदों पर भर्ती होगी।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि को प्लेसमेंट कैंप में उपस्थित हो सकते हैं।

