Home » छत्तीसगढ़ में ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी: अंबिकापुर 7°C पर पहुंचा, 13 जिलों में शीतलहर अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़ में ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी

छत्तीसगढ़ में ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी: अंबिकापुर 7°C पर पहुंचा, 13 जिलों में शीतलहर अलर्ट जारी

by Desk 1

उत्तर भारत से लगातार आ रही ठंडी बयार ने छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर और तेज कर दिया है। राजधानी रायपुर सहित अधिकांश हिस्सों में सुबह और रात के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि करीब तीन साल बाद रायपुर में न्यूनतम तापमान में इतनी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। अगले तीन दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रह सकता है, जिसके बाद रात का पारा लगभग 3 डिग्री बढ़ने की संभावना है। इसी अवधि में उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बनने के भी संकेत हैं।

पिछले 24 घंटों में दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 30.8°C दर्ज हुआ। वहीं, सबसे कम तापमान अंबिकापुर में रहा, जहाँ पारा गिरकर 7°C तक पहुँच गया। पूरे प्रदेश में इस अवधि के दौरान कहीं भी बारिश नहीं हुई।

कई जिलों में शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने जिन क्षेत्रों में शीतलहर जैसे हालात बनने की संभावना जताई है, उनमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर के कुछ हिस्से शामिल हैं। इन इलाकों में तापमान और गिर सकता है तथा सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ेगी।

रायपुर में आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने के अनुमान हैं। यहाँ न्यूनतम तापमान 13°C और अधिकतम तापमान 29°C के आसपास रिकॉर्ड किया गया है। हल्की ठंडी हवा चलने से सुबह के समय गलन महसूस की जा रही है।

You may also like