Home » नवा रायपुर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल रमेन डेका ने किया Year Book-2026 का विमोचन
32nd-all-india-state-election-commissioners-conference-nava-raipur-2026.jpg

नवा रायपुर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल रमेन डेका ने किया Year Book-2026 का विमोचन

स्थानीय निकाय चुनावों को पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर मंथन, देशभर से पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्त

by bholuchand news

रायपुर, 16 सितंबर 2026।  छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की मेजबानी में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन राज्यपाल  रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से राज्य निर्वाचन आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी और निर्वाचन विशेषज्ञ शामिल हुए हैं। लगभग 11 वर्षों के अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। इससे पहले वर्ष 2014 में भी छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन आयोजित किया गया था।

राज्यपाल ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ का किया विमोचन

32nd-all-india-state-election-commissioners-conference-nava-raipur-2026.jpg

नवा रायपुर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ, राज्यपाल रमेन डेका ने किया Year Book-2026 का विमोचन

सम्मेलन के शुभारंभ के अवसर पर राज्यपाल  रमेन डेका ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। यह प्रकाशन छत्तीसगढ़ में स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया, चुनावी व्यवस्थाओं, उपलब्धियों और नवाचारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी को दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करता है। स्थानीय लोकतंत्र और निर्वाचन व्यवस्था से संबंधित यह प्रकाशन सम्मेलन के प्रमुख आकर्षणों में रहा।

स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने पर राज्यपाल का जोर

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में स्थानीय निकायों के चुनाव की प्रक्रिया में लगातार सुधार, आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग और मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने किया अतिथियों का स्वागत

छत्तीसगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने देशभर से सम्मेलन में पहुंचे राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए सम्मेलन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।सम्मेलन से पहले राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से बताया गया था कि विभिन्न राज्यों से आए निर्वाचन आयुक्त स्थानीय लोकतंत्र, त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी और सहभागी बनाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

मुख्य सचिव विकास शील ने भी रखे विचार

छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव  विकास शील ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने और निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में प्रशासन तथा निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर विचार रखे। सम्मेलन में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों से जुड़े समसामयिक विषयों, डिजिटल पहलों, तकनीकी नवाचारों तथा निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा की जा रही है।

डिजिटल तकनीक और EVM पर भी चर्चा

32nd-all-india-state-election-commissioners-conference-nava-raipur-2026.jpg

सम्मेलन के पहले दिन निर्वाचन प्रबंधन में डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल, पारदर्शिता, तकनीकी नवाचार और स्थानीय निकाय चुनावों की प्रक्रियाओं को सरल बनाने जैसे विषयों पर परिचर्चा शुरू हुई। सम्मेलन में इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL), हैदराबाद और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), बेंगलुरु के EVM विशेषज्ञों द्वारा नई तकनीकी जानकारी प्रस्तुत किए जाने की जानकारी भी दी गई है। इसके अलावा अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी से लोकतांत्रिक निर्वाचन विषय के विशेषज्ञों की भागीदारी भी प्रस्तावित थी। कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष  विजय देव ने भी अपने विचार रखे। स्थायी समिति के संयोजक  सुधांशु पांडे ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव  शिखा राजपूत तिवारी सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

17 सितंबर को होगी स्टैंडिंग कमिटी की बैठक

दो दिवसीय सम्मेलन के दूसरे दिन 17 सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद नवा रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी (NRDA)  द्वारा कैपिटल सिटी, नवा रायपुर के निर्माण और विकास से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। सम्मेलन में शामिल अतिथियों को इसके बाद नवा रायपुर के प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसमें **छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भ्रमण भी शामिल है।

स्थानीय लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण मंच

32वां अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन देश में स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने, निर्वाचन व्यवस्थाओं में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और अलग-अलग राज्यों के अनुभवों एवं नवाचारों को साझा करने के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनावों से जुड़ी व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय, सहभागी और तकनीक-सक्षम बनाने से जुड़े विषयों पर राज्यों के बीच अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है।

ये भी पढ़े..नुआखाई समृद्ध कृषि परंपरा, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अन्नदाता के परिश्रम का उत्सव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
और अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहें भोलूचंद.कॉम

You may also like