रोटरी क्लब ऑफ रायपुर वेस्ट, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय एवं रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऑडिटोरियम में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शुरू हुए इस शिविर में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, रोटरी क्लब के सदस्यों और अन्य सहयोगियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान को महादान का संदेश दिया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने पंजीयन कराया, जबकि 64 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं की जांच से लेकर रक्त संग्रह तक की पूरी प्रक्रिया रेड क्रॉस सोसायटी के कर्मचारियों द्वारा व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई गई।
राज्यपाल ने रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला
कार्यक्रम की गरिमा उस समय और बढ़ गई, जब माननीय राज्यपाल महोदय ने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं से मुलाकात की। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान किए। राज्यपाल की उपस्थिति से रक्तदाताओं और आयोजन से जुड़े सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने रक्तदान जैसे मानवीय एवं सामाजिक कार्य में योगदान देने वालों की सराहना की। कार्यक्रम में रोटरी क्लब की पूर्व प्रांतपाल शशि वरवंडकर भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और इस सामाजिक पहल की सराहना की। रोटेरियन गिरीश वोरा की भी कार्यक्रम में उपस्थिति रही।
विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
रविशंकर विश्वविद्यालय के डॉ. प्रो. गजपाल एवं डॉ. प्रो. कमलेश शुक्ला के प्रयासों से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने रक्तदान करने के साथ-साथ शिविर की व्यवस्थाओं में भी सक्रिय सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पंजीयन, व्यवस्थाओं और रक्तदाताओं की सहायता सहित विभिन्न कार्यों में आयोजन समिति का सहयोग किया।
रोटरी क्लब के सदस्यों ने भी किया रक्तदान
रक्तदान शिविर में रोटरी क्लब के सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। रोटेरियन मनोज अग्रवाल एवं रोटेरियन रुपेश जैन ने स्वयं रक्तदान कर अन्य लोगों को भी इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। क्लब स्टाफ सोनी एवं सुरेश ने भी रक्तदान किया। इसके अलावा रोटेरियन प्रवीण अग्रवाल के पुत्र सौरभ एवं उनके साले सुनील ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
15 सदस्यों की रही सक्रिय सहभागिता

शिविर में रोटरी क्लब के करीब 15 सदस्यों की सक्रिय उपस्थिति रही। इनमें अध्यक्ष राजकुमार तनवानी, सचिव एन.के. गुप्ता, विष्णु गोयल, राजनाथ टंडन, विनोद काशिव, आई.डी. कलवानी, आर.के. गुप्ता, विजय अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, रुपेश जैन, कविता , कैलाश अग्रवाल, रमेश सूद, कान्तन पिल्लई, प्रवीण अग्रवाल एवं राजेन्द्र सिंघानिया सहित क्लब के अन्य सहयोगी शामिल रहे। क्लब के सदस्यों ने रक्तदाताओं को दिए जाने वाले वाटर बॉटल के लिए भी सहयोग प्रदान किया।
प्राध्यापकों, रेड क्रॉस कर्मचारियों और छात्रों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रविशंकर विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, रेड क्रॉस सोसायटी के कर्मचारियों एवं सहयोगी विद्यार्थियों का पुष्प देकर सम्मान किया गया। रेड क्रॉस सोसायटी के कर्मचारियों ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच से लेकर रक्त संग्रह की प्रक्रिया को पूरी सावधानी एवं व्यवस्थित तरीके से पूरा किया। उनकी टीम की कार्यप्रणाली की आयोजन समिति ने सराहना की।
विष्णु गोयल ने संभाली कार्यक्रम की कमान
कार्यक्रम के सफल संचालन में विष्णु गोयल की भूमिका भी उल्लेखनीय रही। अपने पूर्व निर्धारित बाहर जाने के कार्यक्रम को स्थगित कर उन्होंने शिविर में उपस्थित रहकर कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी संभाली और पूरे आयोजन का सफलतापूर्वक संचालन किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सदस्यों की सक्रियता, विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों का उत्साह और रेड क्रॉस सोसायटी की व्यवस्थित कार्यप्रणाली ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। 100 से अधिक पंजीयन और 64 यूनिट रक्त संग्रह के साथ यह रक्तदान शिविर सामाजिक सरोकार और सामूहिक सहभागिता की मिसाल बना। आयोजन ने यह संदेश दिया कि समाज के लिए किया गया छोटा-सा योगदान भी किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर वेस्ट, रविशंकर विश्वविद्यालय एवं रेड क्रॉस सोसायटी का यह संयुक्त आयोजन सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक सम्मानीय, सार्थक और प्रेरणादायी पहल के रूप में सामने आया।
ये भी पढ़े..धमतरी : जब शिक्षकों ने ठाना बदलाव, तो सरकारी स्कूल बने बच्चों की पहली पसंद
और अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहें भोलूचंद.कॉम

