प्रधानमंत्री सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत चलाए गए “Month of Solar” अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। राज्य को पीएम सूर्यघर एक्सीलेंस अवार्ड के लिए चुना गया है, जिससे प्रदेश ने स्वच्छ ऊर्जा और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य में ऊर्जा आत्मनिर्भरता, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ लगातार हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
वेंडर रजिस्ट्रेशन में देश में दूसरा स्थान
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यम उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ ने सर्वाधिक वेंडर रजिस्ट्रेशन के मामले में देशभर में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राज्य को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान मिलने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए ऊर्जा विभाग, क्रेडा (CREDA), विद्युत वितरण कंपनियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई देते हुए कहा कि टीमवर्क, बेहतर समन्वय और प्रतिबद्धता के कारण प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा है।
हरित और ऊर्जा आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सौर ऊर्जा आधारित योजनाएं न केवल बिजली खर्च कम करने में मदद कर रही हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को भी मजबूती दे रही हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ऐसे प्रयास प्रदेश के नागरिकों को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल करेंगे।

