Home » जांजगीर-चांपा : तकनीक के पंखों से आत्मनिर्भरता की उड़ान, ड्रोन दीदी हेमलता मनहर बनीं महिला सशक्तिकरण की मिसाल
drone-didi-hemlata-manhar-janjgir-champa.jpg

जांजगीर-चांपा : तकनीक के पंखों से आत्मनिर्भरता की उड़ान, ड्रोन दीदी हेमलता मनहर बनीं महिला सशक्तिकरण की मिसाल

ड्रोन दीदी हेमलता मनहर: खेती में तकनीक से आत्मनिर्भरता

by bholuchand news

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोड़ी की निवासी हेमलता मनहर आज आधुनिक कृषि तकनीक और महिला आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल बन चुकी हैं। नमो ड्रोन दीदी योजना से जुड़कर उन्होंने न केवल अपने लिए रोजगार का नया अवसर तैयार किया, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए भी आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है। क्षेत्र में अब उन्हें सम्मानपूर्वक ‘ड्रोन दीदी’ के नाम से पहचाना जाता है।

ड्रोन से खेतों में नैनो उर्वरक और कीटनाशक का छिड़काव

drone-didi-hemlata-manhar-janjgir-champa.jpg

ड्रोन उड़ाकर आत्मनिर्भर बनीं हेमलता मनहर, बनीं ‘ड्रोन दीदी’ की मिसाल

नमो ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से हेमलता किसानों के खेतों में ड्रोन की मदद से नैनो उर्वरक और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर रही हैं। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से किसानों के समय और श्रम की बचत हो रही है। वहीं हेमलता के लिए यह कार्य रोजगार और नियमित आय का माध्यम बन गया है।

सालाना 1 से 2 लाख रुपये तक की आय

हेमलता के अनुसार ड्रोन के माध्यम से कृषि कार्य करने से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 1 से 2 लाख रुपये तक की आय प्राप्त हो रही है। इस आमदनी से वह परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा में भी सहयोग कर रही हैं।

उनका कहना है कि आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ समाज में मिली पहचान भी उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। तकनीक ने उन्हें केवल रोजगार नहीं दिया, बल्कि आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान किया है।

योजनाओं से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास

हेमलता ने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में शासन की विभिन्न योजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके अनुसार नमो ड्रोन दीदी योजना ने उन्हें सम्मानजनक रोजगार का अवसर दिया, जबकि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों में सहारा प्रदान कर रही है।

इन योजनाओं से महिलाओं के भीतर आत्मविश्वास बढ़ने के साथ-साथ परिवार और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने की क्षमता भी मजबूत हो रही है।

‘विष्णु भैया बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कर रहे काम’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हेमलता मनहर ने कहा कि शासन की योजनाओं ने महिलाओं को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि “विष्णु भैया बहनों के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं।”

हेमलता की कहानी यह दर्शाती है कि यदि महिलाओं को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं, तो वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

ग्रामीण महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा

गांव की एक महिला से आधुनिक कृषि तकनीक की प्रशिक्षित उपयोगकर्ता और उद्यमी बनने तक का हेमलता का सफर ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। ड्रोन तकनीक के जरिए कृषि सेवाएं उपलब्ध कराकर वह किसानों की मदद करने के साथ स्वयं भी आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

हेमलता मनहर की यह पहल तकनीक, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण रोजगार के संगम की ऐसी तस्वीर पेश करती है, जो बदलते ग्रामीण छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन रही है।

ये भी पढ़े......गिधौरी-शिवरीनारायण महानदी पुल पहुंच मार्ग एक माह बंद, 25 अगस्त से 25 सितंबर तक आवागमन प्रभावित
और अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहें भोलूचंद.कॉम

You may also like