बैंकिंग क्षेत्र में आईटी प्रोफेशनल्स के लिए शानदार अवसर सामने आया है। बैंक ऑफ बड़ौदा (BOB) ने वर्ष 2026 के लिए आईटी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 441 पदों को भरा जाएगा। इनमें 418 पद नियमित (रेगुलर) और 23 पद संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर नियुक्त किए जाएंगे। यह भर्ती बैंकिंग सेक्टर में तकनीकी करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
आवेदन की तारीख और अंतिम तिथि
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 30 जनवरी 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 19 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क का भुगतान भी इसी अवधि में ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
उम्मीदवार के पास कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) या इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन विषय में फुल-टाइम BE, BTech, ME, MTech या MCA की डिग्री होना आवश्यक है। यह डिग्री किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से होनी चाहिए। पद के अनुसार शैक्षणिक योग्यता और अनुभव में अंतर हो सकता है।अनुभव की बात करें तो जूनियर लेवल के पदों के लिए कम से कम 1 वर्ष और सीनियर लेवल के पदों के लिए अधिकतम 5 वर्ष तक का संबंधित कार्य अनुभव अनिवार्य रखा गया है।
आयु सीमा निर्धारित
आयु सीमा की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। नियमित पदों के लिए न्यूनतम आयु 22 वर्ष रखी गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा पद के अनुसार 32 से 37 वर्ष तय की गई है। संविदात्मक पदों के लिए उम्मीदवारों की आयु 25 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Career / Current Opportunities सेक्शन में उपलब्ध आईटी भर्ती लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, अनुभव संबंधी जानकारी भरनी होगी और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। अंत में ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर आवेदन फॉर्म सबमिट करना होगा।

