Home » About » रायपुर जेल के 70 बंदियों ने सीखा रोजगार का हुनर, मिला कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र
raipur-jail-70-prisoners-skill-training-certificate

रायपुर जेल के 70 बंदियों ने सीखा रोजगार का हुनर, मिला कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र

40 पुरुष बंदियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण, 30 महिला बंदियों ने सीखी ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग की कला; ‘निश्चय कार्यक्रम’ से रिहाई के बाद आत्मनिर्भर बनने की राह

by bholuchand news

रायपुर, 23 नवंबर 2026। जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार की पहल सकारात्मक परिणाम दे रही है। केंद्रीय जेल रायपुर में संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत कंप्यूटर शिक्षा एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 70 बंदियों को रविवार को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस पहल के माध्यम से बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसरों से जोड़ने और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को कंप्यूटर की बारीकियां सिखाई गईं, जबकि 30 महिला बंदियों को ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण दिया गया। कौशल विकास के माध्यम से बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

raipur-jail-70-prisoners-skill-training-certificate

40 पुरुष बंदियों ने सीखी कंप्यूटर की बारीकियां

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ (Course on Computer Concepts) का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में कंप्यूटर संबंधी बुनियादी ज्ञान और डिजिटल दक्षता विकसित करने पर जोर दिया गया, ताकि बंदियों को भविष्य में रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिल सके।

वहीं, 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ पाठ्यक्रम के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण से महिलाएं रिहाई के बाद स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।

‘निश्चय कार्यक्रम’ बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम : हिमांशु गुप्ता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक  हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में सार्थक पहल है। महानिदेशक ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण आधार बन गई है। कंप्यूटर प्रशिक्षण से बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का विकास होगा। उन्होंने कहा कि महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग एवं ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने से उन्हें रिहाई के पश्चात स्वरोजगार प्रारंभ करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

महानिदेशक ने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को विकसित करने का भी सशक्त जरिया है। बंदियों को उपयोगी हुनर से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

raipur-jail-70-prisoners-skill-training-certificate

शिक्षा और हुनर से मजबूत होगी आत्मनिर्भरता की नींव

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी  ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बंदियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। तकनीकी ज्ञान एवं व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।

उन्होंने कौशल प्रशिक्षण को बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

जेलों को सुधार एवं पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल

‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इस प्रकार के प्रशिक्षण से बंदियों को जेल में बिताए जा रहे समय का रचनात्मक उपयोग करने के साथ रिहाई के बाद आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है। कंप्यूटर शिक्षा और व्यावसायिक कौशल जैसे प्रशिक्षण उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार की नई संभावनाएं खोल सकते हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक  योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक  अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कौशल प्रशिक्षण और प्रमाण-पत्र वितरण की यह पहल बंदियों के पुनर्वास, सामाजिक स्वीकार्यता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे जेलों को केवल दंड के स्थान के बजाय सुधार, शिक्षा और पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने की सोच को मजबूती मिल रही है।

ये भी पढ़े….चक्रवात से प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता देगी सरकार, सीएम साय ने कलेक्टरों को दिए सर्वे के निर्देश

और अधिक जानकारी हेतु भोलचन्द.कॉम न्यूज़ पढ़ते रहे…

You may also like