रायपुर, 4 नवंबर 2026। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) से A+ ग्रेड प्राप्त मैट्स यूनिवर्सिटी, रायपुर ने मंगलवार को अपना 21वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की दो दशकों से अधिक की शैक्षणिक विकास यात्रा को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। स्थापना दिवस समारोह का आयोजन पंडरी स्थित मैट्स टॉवर के इंपैक्ट सेंटर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
मैट्स यूनिवर्सिटी एक संस्थान नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय परिवार: गजराज पगारिया
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया ने कहा कि मैट्स यूनिवर्सिटी केवल एक विश्वविद्यालय नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहां प्राध्यापकों से लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मिलकर प्रदेश एवं देश में उच्च शिक्षा के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैट्स विश्वविद्यालय की स्थापना वर्ष 2006 में छत्तीसगढ़ के प्रथम निजी विश्वविद्यालय के रूप में हुई थी। वर्तमान में विश्वविद्यालय को NAAC से A+ ग्रेड प्राप्त होना पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है।
श्री पगारिया ने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वस्तरीय उच्च शिक्षा प्रदान करने के साथ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने विश्वविद्यालय के सकारात्मक वातावरण और उपलब्धियों का श्रेय सभी अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
भविष्य में A++ ग्रेड हासिल करने का लक्ष्य: कुलपति प्रो. के.पी. यादव
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. यादव ने कहा कि मैट्स विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है और आगे भी अपनी इस पहचान को बनाए रखेगा। उन्होंने कहा कि समय के साथ चलना जरूरी है, लेकिन संस्थान को समय से आगे बढ़कर भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य करना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान में A+ ग्रेड प्राप्त विश्वविद्यालय भविष्य में A++ ग्रेड हासिल करने की दिशा में भी सफलता प्राप्त करेगा।
कुलसचिव ने साझा की 20 वर्षों की विकास यात्रा
कार्यक्रम के प्रारंभ में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री गोकुलानंदा पंडा ने मैट्स विश्वविद्यालय की बीते 20 वर्षों की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने जो भी उपलब्धियां हासिल की हैं, वे सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। इस दौरान उन्होंने कुलाधिपति श्री गजराज पगारिया और महानिदेशक श्री प्रियेश पगारिया के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन की सराहना की।
कुलसचिव सहित अधिकारियों और प्राध्यापकों का सम्मान
स्थापना दिवस समारोह में विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री गोकुलानंदा पंडा, लेखा विभाग प्रमुख श्री सौरभ सोनी, डॉ. वी.पी. रॉय, श्री वाय. कृष्णा राव, डॉ. आशीष झा, श्रीमती परमिंदर कौर, डॉ. प्रशांत मुंडेजा, श्री विकास निर्मलकर और श्री दीप्तांशु शर्मा को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लेखा विभाग प्रमुख श्री सौरभ सोनी सहित विभिन्न संकायों के विभागाध्यक्षों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में विश्वविद्यालय के सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापकगण, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मैट्स यूनिवर्सिटी का 21वां स्थापना दिवस समारोह संस्थान की शैक्षणिक यात्रा, सामूहिक योगदान और भविष्य के लक्ष्यों को साझा करने का अवसर बना। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
ये भी पढ़े….रायपुर के श्री बालाजी डेंटल कॉलेज में एंटी-रैगिंग जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दी गई कानूनी जानकारी
और अधिक जानकारी हेतु भोलचन्द.कॉम न्यूज़ पढ़ते रहे…

