रायपुर, 24 अगस्त 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की कीटशास्त्र (AGCH-221) परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना के करीब 36 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी प्रोफेसर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में एक प्रोफेसर और पांच छात्र शामिल हैं। जांच में प्रश्नपत्र को लिफाफे से निकालकर उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग करने और बाद में उसे पैसे लेकर अन्य लोगों तक पहुंचाने की बात सामने आई है।
लिफाफे में छेद कर बनाया प्रश्नपत्र का वीडियो
पुलिस के मुताबिक मामले का मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया, जो दुर्ग के भारती एग्रीकल्चर कॉलेज में प्रोफेसर के पद पर पदस्थ है, पिछले करीब एक वर्ष से रायपुर कृषि महाविद्यालय से उत्तर पुस्तिकाएं जमा करने और आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र ले जाने का कार्य कर रहा था।
जांच के अनुसार, 17 अगस्त को आरोपी ने आगामी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र प्राप्त किए। इसके बाद 20 अगस्त को आयोजित होने वाली कीटशास्त्र परीक्षा के प्रश्नपत्र वाले लिफाफे को कथित तौर पर अपने घर ले गया। वहां सुई और नुकीले औजार की मदद से लिफाफे में छोटा छेद कर प्रश्नपत्र की मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की गई।
पुलिस का दावा है कि इसके बाद प्रश्नपत्र की यह रिकॉर्डिंग उसके ही कॉलेज के छात्र अजय नायक को 11 हजार रुपये में बेची गई। बाद में प्रश्नपत्र की जानकारी अन्य छात्रों और सोशल मीडिया ग्रुपों तक पहुंच गई।
परीक्षा शुरू होने से पहले सामने आया मामला
20 अगस्त की सुबह परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले कवर्धा कृषि महाविद्यालय के ई-मेल और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रश्नपत्र वायरल होने की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परीक्षा प्रभारी डॉ. एन. आर. रंगारे की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 360/26 दर्ज किया गया।
इसके बाद रायपुर पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए डिजिटल साक्ष्यों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच शुरू की।
100 से अधिक पुलिस टीमों ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन तारकेश्वर पटेल की मॉनिटरिंग में संयुक्त टीमों ने कार्रवाई की।
जांच के दौरान रायपुर, दुर्ग, कबीरधाम और बिलासपुर सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। साइबर टीम ने व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रश्नपत्र के प्रसार से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया।
इसी दौरान दुर्ग निवासी अनुज मिंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद प्रश्नपत्र लीक से जुड़े नेटवर्क की कड़ियां सामने आईं और अन्य आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
11 हजार रुपये नकद सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल तार, मोबाइल कनेक्टर सहित अन्य सामग्री जब्त की है। इसके अलावा प्रश्नपत्र वाले लिफाफे को खोलने के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल की गई सुई, सुजा और फेविकोल भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम, 2008 की धारा 4, 5 एवं 10 तथा बीएनएस की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रोफेसर और पांच छात्र
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है—
योगेश सोनकेसरिया — मुख्य आरोपी, प्रोफेसर, निवासी सिवनी (मध्यप्रदेश), वर्तमान पता चंदखुरी, दुर्ग
अजय नायक — छात्र, निवासी बलौदाबाजार, वर्तमान पता मीनाक्षी नगर, बोरसी, दुर्ग
त्रिदेव पटेल — छात्र, निवासी महासमुंद, वर्तमान पता आनंद विहार, दुर्ग
नितिन पाण्डेय — छात्र, निवासी बस्तर, वर्तमान पता मीनाक्षी नगर, बोरसी, दुर्ग
अनुज मिंज — छात्र, निवासी जशपुर, वर्तमान पता पोटिया चौक, दुर्ग
आदित्य साहू — छात्र, निवासी बालोद, वर्तमान पता मीनाक्षी नगर, बोरसी, दुर्ग
मामले में दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए गए हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और प्रश्नपत्र लीक के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा पर उठे सवाल
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले वायरल होने की घटना ने परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस जांच के बाद यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि प्रश्नपत्र की सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे और कार्रवाई की जा सकती है।
ये भी पढ़े......रायपुर : चक्रधर समारोह में छत्तीसगढ़ी माटी के कलाकारों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
और अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहें भोलूचंद.कॉम
