Home » रायपुर IPL मैच में दर्शकों का फूटा गुस्सा : महंगा पानी, फेल नेटवर्क और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
IPL मैच

रायपुर IPL मैच में दर्शकों का फूटा गुस्सा : महंगा पानी, फेल नेटवर्क और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

by Mulchand Kashyap

शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए आरसीबी और मुंबई इंडियंस के मुकाबले के दौरान क्रिकेट प्रेमियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक ओर मैदान पर रोमांचक मुकाबला चल रहा था, वहीं दूसरी तरफ स्टेडियम के अंदर अव्यवस्था और सुविधाओं की कमी ने दर्शकों की नाराजगी बढ़ा दी। मैच देखने पहुंचे हजारों लोगों ने खाने-पीने की वस्तुओं की ऊंची कीमतों, नेटवर्क समस्या और सुरक्षा में लापरवाही को लेकर सवाल उठाए।

खाने-पीने की चीजों पर वसूले गए मनमाने दाम

दर्शकों का आरोप है कि स्टेडियम के अंदर वेंडर्स ने खाने और पानी के लिए मनमाने दाम वसूले। सामान्य तौर पर 50 रुपये में मिलने वाली पानी की बोतल 150 रुपये तक में बेची गई। वहीं कोल्ड ड्रिंक, चिप्स, सैंडविच, समोसा और पिज्जा जैसी चीजों के लिए भी लोगों से दोगुने और तीन गुने दाम लिए गए। कई दर्शकों ने इसका विरोध करते हुए वीडियो बनाए और सोशल मीडिया पर शेयर किए। वायरल वीडियो में लोग महंगी दरों को लेकर नाराजगी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं।

अस्थाई मोबाइल टावर भी नहीं संभाल पाए भीड़

IPL  मैच के दौरान नेटवर्क व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई। आयोजकों ने दावा किया था कि दर्शकों की सुविधा के लिए अस्थाई मोबाइल टावर लगाए गए हैं, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही नेटवर्क कमजोर पड़ गया। सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को हुई जो ई-टिकट के जरिए स्टेडियम पहुंचे थे। इंटरनेट नहीं चलने के कारण कई लोगों के मोबाइल में टिकट का क्यूआर कोड खुल ही नहीं पाया। इससे एंट्री गेट पर लंबी लाइनें लग गईं और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बिना टिकट लोगों की एंट्री से बढ़ी चिंता

IPL  मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में भी बड़ी चूक सामने आई। स्टेडियम में अवैध प्रवेश रोकने के लिए तार और लोहे की जालियां लगाई गई थीं, लेकिन कई लोग इन्हें पार कर अंदर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैच शुरू होने के कुछ समय बाद बड़ी संख्या में लोग जालियां फांदकर स्टेडियम में घुसने लगे। मौके पर पर्याप्त सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं होने के कारण हालात और बिगड़ गए।

हादसे में युवक घायल

अवैध तरीके से स्टेडियम में घुसने की कोशिश के दौरान एक युवक घायल भी हो गया। बताया गया कि जाली पार करते समय वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में गंभीर चोट आई। इसके बावजूद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नजर नहीं आए।

रेट लिस्ट नहीं होने पर दर्शकों ने जताई नाराजगी

दर्शकों का कहना है कि स्टेडियम के अंदर कहीं भी खाने-पीने की वस्तुओं की आधिकारिक रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी। इसी वजह से वेंडर्स अपनी मर्जी के मुताबिक दाम वसूलते रहे। ‘नो री-एंट्री’ नियम लागू होने के कारण लोग बाहर जाकर सामान भी नहीं खरीद सकते थे। ऐसे में दर्शकों को मजबूरी में महंगे दामों पर ही पानी और खाना खरीदना पड़ा।

 

You may also like