Home FeatureCGPSC Main Exam : आज से आवेदन प्रक्रिया शुरू, मई में होगी परीक्षा
CGPSC

CGPSC Main Exam : आज से आवेदन प्रक्रिया शुरू, मई में होगी परीक्षा

by bholuchand news

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो रही है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 15 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

केवल प्री परीक्षा पास अभ्यर्थी ही होंगे पात्र

मुख्य सेवा परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल हो पाएंगे, जिन्होंने प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल की है। आयोग द्वारा आयोजित प्रीलिम्स परीक्षा के आधार पर ही मेंस के लिए उम्मीदवारों का चयन किया गया है। यह भर्ती प्रक्रिया राज्य के विभिन्न विभागों में अधिकारियों की नियुक्ति के लिए आयोजित की जा रही है।

मई में होगी मुख्य परीक्षा

CGPSC द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, मुख्य सेवा परीक्षा 16 मई से 19 मई 2026 तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा राज्य के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपनी तैयारी पूरी कर लें।

265 पदों पर होगी भर्ती

राज्य सेवा परीक्षा 2025 के तहत कुल 265 पदों पर भर्ती की जाएगी। ये पद राज्य की 20 विभिन्न सेवाओं के अंतर्गत आते हैं। इससे पहले 22 फरवरी को राज्य के 31 जिला मुख्यालयों में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

आवेदन में सुधार का मिलेगा सीमित मौका

ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को त्रुटि सुधार के लिए 16 और 17 अप्रैल का समय दिया जाएगा। यानी कुल 48 घंटे के भीतर वे अपने फॉर्म में सुधार कर सकेंगे। हालांकि, इस दौरान पोर्टल शुल्क और जीएसटी शुल्क देना होगा।

ध्यान देने वाली बात यह है कि अभ्यर्थी केवल एक बार ही निशुल्क सुधार कर पाएंगे। 17 अप्रैल के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस संबंध में कोई आवेदन मान्य नहीं होगा।

दस्तावेज सत्यापन में गलती पड़ी तो रद्द होगी उम्मीदवारी

आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के दौरान दी गई जानकारी यदि साक्षात्कार से पहले दस्तावेज सत्यापन में गलत पाई जाती है, तो संबंधित अभ्यर्थी की उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी। इसलिए आवेदन करते समय सभी जानकारी सही और प्रमाणिक भरना बेहद जरूरी है।

वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी

परीक्षा से संबंधित विस्तृत नियम, दिशा-निर्देश और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन से पहले सभी नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

 

 

You may also like