Wednesday, July 2, 2025
RO NO.....13028/29Join Paaras Institute
Homeछत्तीसगढ़आपातकाल स्मृति दिवस पर सम्मानित हुए लोकतंत्र सेनानी, सीएम बोले- 'लोकतंत्र जीवन...

आपातकाल स्मृति दिवस पर सम्मानित हुए लोकतंत्र सेनानी, सीएम बोले- ‘लोकतंत्र जीवन जीने की एक पद्धति’

रायपुर: लोकतंत्र केवल एक शासन प्रणाली नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है। आज हम लोकतंत्र की फिजा में जिस आज़ादी का अनुभव कर रहे हैं, उसकी कीमत आपातकाल के दौरान कुछ लोगों ने यातना, अपमान और जेलों में समय काटकर चुकाई थी। इन लोकतंत्र सेनानियों की पीड़ा और संघर्ष को हर पीढ़ी तक पहुँचाना हमारा कर्तव्य है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित आपातकाल स्मृति दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।

लोकतंत्र सेनानियों को किया सम्मानित :

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में उन्होंने श्री सच्चिदानंद उपासने द्वारा लिखित पुस्तक ‘वो 21 महीने: आपातकाल’ का भी विमोचन किया। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे काला दिन माना जाता है। आपातकाल में हजारों लोगों को बिना अपराध के जेलों में ठूंस दिया गया, मौलिक अधिकार छीन लिए गए और लोकतंत्र का गला घोंट दिया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उन्होंने इस त्रासदी को बहुत करीब से देखा है। उनके स्वर्गीय बड़े पिताजी श्री नरहरि प्रसाद साय भी उस दौर में 19 महीने तक जेल में बंद रहे थे। उनके द्वारा सुनाए गए किस्से आज भी रोंगटे खड़े कर देते हैं। उन्होंने बताया कि किस प्रकार लोकतंत्र सेनानियों को बेड़ियों में जकड़कर शारीरिक और मानसिक यातनाएं दी गईं। यह सब स्वतंत्र भारत में हुआ, लेकिन उस अमानवीयता ने अंग्रेजी हुकूमत की क्रूरता की पुनः याद दिला दी।

सेनानियों को सम्मान राशि पुनः प्रारंभ की:

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान राशि देने की शुरुआत की थी, जिसे पूर्ववर्ती सरकार ने बंद कर दिया। हमारी सरकार ने न केवल यह सम्मान राशि पुनः प्रारंभ की, बल्कि पूर्व सरकार द्वारा रोकी गई पिछले पाँच वर्षों की बकाया राशि का भी भुगतान किया।

सेनानियों की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी :

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब लोकतंत्र सेनानियों की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ की जाएगी और उनके परिजनों को ₹25,000 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, विधानसभा में एक अधिनियम पारित कर यह सुनिश्चित किया गया है कि भविष्य में कोई भी सरकार इस सम्मान योजना को समाप्त न कर सके।

Bholuchand Desk
Bholuchand Deskhttps://bholuchand.com/
"राजनीति, मनोरंजन, शिक्षा जगत, खेल, टेक्नोलॉजी और संस्कृति जैसे विभिन्न मुद्दों पर लिखना, एवं पाठकों को ताजगी और सटीकता के साथ सूचना प्रदान करना ही मेरा उद्देश्य है।"
रिलेटेड आर्टिकल
- Religious Travel - RO NO.....13028/29

मोस्ट पॉपुलर

error: Content is protected !!