रायपुर। समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली सामाजिक संस्था “श्रीमती चंपा देवी इंदिरा देवी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट” की स्थापना वर्ष 1993 में की गई थी। यह ट्रस्ट स्व. श्रीमती इंदिरा देवी जैन के सेवा-भाव और जीवन मूल्यों से प्रेरित होकर समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग जनों के उत्थान हेतु कार्य कर रहा है।
संस्था का प्रमुख उद्देश्य है – आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को शिक्षा, चिकित्सा, एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में सहायता उपलब्ध कराना। संस्था द्वारा जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक शुल्क, पाठ्य सामग्री, यूनिफॉर्म, कॉपी-किताबें इत्यादि वितरित की जाती हैं, वहीं मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन राशि, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाता है।
प्रमुख कार्य एवं उपलब्धियां –
शासकीय दूधाधारी बजरंग कन्या महाविद्यालय में 15 वर्षों से छात्राओं को प्रोत्साहन राशि, मेडल एवं दिव्यांग छात्राओं को विशेष सहायता।
शासकीय राजीव पांडे महाविद्यालय भाटागांव तथा हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग में भी मेधावी विद्यार्थियों को विषय विशेष पर प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान।
“सरस्वती शिशु मंदिर टिकरापारा” को 2012 से गोद लेकर निरंतर शिक्षा सामग्री एवं आर्थिक सहायता।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के माध्यम से शहीद परिवारों को पिछले 5 वर्षों से निरंतर सहयोग।
चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाता है।
स्व. इंदिरा देवी जैन स्मृति सम्मान – समाज सेवा की प्रेरणा
स्व. श्रीमती इंदिरा देवी जैन का निधन 8 मई 2018 को हुआ। उन्होंने अपने जीवन में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता हेतु निःस्वार्थ भाव से कार्य किया। उनकी स्मृति में ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष “इंदिरा देवी जैन स्मृति सम्मान” का आयोजन किया जाता है।
यह सम्मान उन महिलाओं को समर्पित है जिन्होंने सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, साहित्यिक, चिकित्सा, महिला उद्यम, खेल, बाल कल्याण, कला आदि क्षेत्रों में विशेष योगदान दिया है। प्रत्येक वर्ष मातृ दिवस, शिक्षक दिवस और महिला दिवस के अवसर पर यह सम्मान प्रदान किया जाता है।

विशेष जानकारी:
वर्ष 2021 से “शिक्षक सम्मान” और वर्ष 2022 से “मातृ दिवस सम्मान” की परंपरा शुरू की गई है।
स्मृति सम्मान के माध्यम से ट्रस्ट समाज को प्रेरणा देने वाली महिलाओं और माताओं को सम्मानित कर रहा है।

