Home » चार लाख के पार से ढाई लाख से नीचे आई चांदी, बाजार में मचा हड़कंप
चांदी

चार लाख के पार से ढाई लाख से नीचे आई चांदी, बाजार में मचा हड़कंप

by Desk 1

नए साल की शुरुआत से ही चांदी के दामों में जिस तरह की असामान्य हलचल देखने को मिल रही है, उसने बाजार से जुड़े लोगों को असमंजस में डाल दिया है। कारोबारी हों या निवेशक, कोई भी यह समझ नहीं पा रहा कि आखिर चांदी के भाव किस दिशा में जा रहे हैं। जानकारों का कहना है कि पहले एमसीएक्स में चांदी के दामों में इस तरह की अप्रत्याशित चाल नहीं देखी जाती थी। हैरानी की बात यह है कि अब रात 12 बजे भी कीमतों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

बीते महीने 29 जनवरी को चांदी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचते हुए 4 लाख 13 हजार 700 रुपये हो गए थे। इसके बाद महज 48 घंटे के भीतर ही कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई और दाम करीब 1 लाख 18 हजार रुपये टूट गए। फरवरी में गिरावट का यह सिलसिला और तेज हो गया। मंगलवार को चांदी का भाव घटकर 2 लाख 38 हजार 500 रुपये रह गया। एक ही दिन में 9 हजार 500 रुपये की गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी, जबकि सोमवार को यही दाम 2 लाख 48 हजार रुपये थे।

घंटों में बदली चांदी की चाल

29 जनवरी को बाजार बंद होने के समय चांदी का भाव 4 लाख 13 हजार 700 रुपये था। अगले दिन 30 जनवरी को शाम 6 बजे तक इसमें 71 हजार 700 रुपये की गिरावट आ गई और दाम 3 लाख 42 हजार रुपये पर पहुंच गए। इसके ठीक एक घंटे बाद जब बाजार खुला, तो भाव और 11 हजार रुपये टूटकर 3 लाख 31 हजार रुपये रह गए। हालांकि आधे घंटे के भीतर ही कीमतों में 9 हजार रुपये की तेजी दर्ज की गई और दाम 3 लाख 39 हजार रुपये तक पहुंच गए। चांदी में आई इस तेज गिरावट ने उन निवेशकों को बड़ा झटका दिया है, जिन्होंने भारी मात्रा में निवेश किया था। लगातार बदलते भावों के कारण बाजार का कारोबार भी प्रभावित होता नजर आ रहा है।

रात 12 बजे आया बड़ा झटका

30 जनवरी की रात करीब 12 बजे चांदी के दामों में अचानक 84 हजार रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और भाव सीधे 2 लाख 55 हजार रुपये तक आ गए। हालांकि यह स्तर ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सका। कुछ ही समय बाद दाम फिर बढ़कर पहले तीन लाख और फिर 3 लाख 5 हजार रुपये तक पहुंच गए। 31 जनवरी की सुबह भी यही भाव बने रहे, लेकिन शाम तक कीमतें घटकर 2 लाख 95 हजार रुपये रह गईं। हालांकि उस दिन सुबह से शाम तक गिरावट करीब 10 हजार रुपये की रही, लेकिन इससे पहले के 48 घंटों में कुल गिरावट 1 लाख 18 हजार रुपये तक पहुंच चुकी थी।

19 दिनों में 1.75 लाख रुपये की गिरावट

29 जनवरी के बाद से चांदी के दाम लगातार अस्थिर बने हुए हैं। बीते 19 दिनों में कीमतों में कुल 1 लाख 75 हजार 200 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार सुबह बाजार खुलते ही चांदी 2 लाख 38 हजार 500 रुपये पर कारोबार करती नजर आई। 2 फरवरी को बाजार खुलने पर भाव 2 लाख 62 हजार 300 रुपये थे। इसके बाद कुछ तेजी जरूर आई, लेकिन दाम तीन लाख रुपये के स्तर को पार नहीं कर सके। 4 फरवरी को भाव 2 लाख 94 हजार रुपये तक पहुंचे थे, जिसके बाद से गिरावट जारी रही और अब कीमतें ढाई लाख रुपये से भी नीचे आ गई हैं।

सोना अपेक्षाकृत स्थिर

जहां चांदी के दामों में जबरदस्त उतार-चढ़ाव बना हुआ है, वहीं सोने की कीमतों में अपेक्षाकृत स्थिरता देखने को मिल रही है। 24 कैरेट सोने के दाम 2 फरवरी को 1 लाख 54 हजार 200 रुपये थे, जो 17 फरवरी मंगलवार को बढ़कर 1 लाख 55 हजार 400 रुपये हो गए। हालांकि 29 जनवरी को सोना 1 लाख 87 हजार रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंचा था, लेकिन इसके बाद से कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव ही देखने को मिला है।

You may also like