राजधानी रायपुर के श्रीराम बिजनेस पार्क में रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित राडा ऑटो एक्सपो-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सभी क्षेत्रों में निरंतर विकास के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में आम लोगों की परचेसिंग पावर में बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर बाजारों की रौनक के रूप में साफ दिखाई दे रहा है।
नए वाहनों की लॉन्चिंग और पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने यामाहा XSR-155, टाटा सिएरा और महिंद्रा 7XO वाहनों की लॉन्चिंग की। इसके साथ ही “मनी मैटर्स” पुस्तक का विमोचन भी किया गया।
किसानों को मिल रहा धान का उचित मूल्य, जीएसटी में राहत से घटे दाम
ऑटो एक्सपो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राज्य के किसानों को धान का उचित मूल्य मिला है और उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का भी लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि जीएसटी दरों में किए गए सुधारों से कई वस्तुओं की कीमतों में कमी आई है। चर्चा के दौरान लोगों ने बताया कि जीएसटी में राहत से बाइक की कीमत में लगभग 15 से 25 हजार रुपये तक की कमी आई है, जबकि हार्वेस्टर की कीमत करीब 2 लाख रुपये तक घट गई है।
नई उद्योग नीति को मिल रही देश-विदेश में सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू की गई नई उद्योग नीति को देश और विदेश में सराहा जा रहा है। बीते एक वर्ष में लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कई परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने पिछले वर्ष के ऑटो एक्सपो का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दी गई थी। 25 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन करीब 29 हजार वाहनों की बिक्री हुई। इससे सरकार को लगभग 800 करोड़ रुपये जीएसटी और परिवहन विभाग को 129 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस वर्ष 50 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष राडा ऑटो एक्सपो का आयोजन पहले से अधिक वृहद स्तर पर किया गया है। एक्सपो का क्षेत्रफल बढ़ाया गया है और इसमें 300 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। प्रदेशभर से उद्यमी और कंपनियां इसमें भाग ले रही हैं। उन्होंने बताया कि पहले ही दिन लगभग 2000 वाहनों का पंजीयन हो चुका है और उम्मीद है कि इस वर्ष 50 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य पूरा होगा।

रायपुर ऑटो एक्सपो-2026
ऑटो एक्सपो रोजगार और ऑटो सेक्टर की प्रगति का प्रतीक: केदार कश्यप
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राडा ऑटो एक्सपो का नौवां संस्करण केवल वाहनों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार सृजन और ऑटो सेक्टर की प्रगति का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट से ग्राहकों के साथ-साथ छोटे और मध्यम व्यवसायियों को भी लाभ मिल रहा है। सड़कों के निरंतर विस्तार से कनेक्टिविटी बढ़ी है और ग्रामीण क्षेत्रों में भी वाहन बिक्री में इजाफा हुआ है।
ऑटो एक्सपो में वाहनों पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50% छूट
मंत्रिपरिषद के निर्णय के अनुसार राजधानी रायपुर में 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक आयोजित 9वें ऑटो एक्सपो के दौरान बिकने वाले वाहनों पर लाइफ टाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत छूट दी जा रही है। यह छूट वाहन पंजीकरण के समय लागू होगी, जिससे मोटरयान कर में एकमुश्त राहत मिलेगी। इस निर्णय का लाभ पूरे प्रदेश के वाहन विक्रेताओं को मिलेगा।
सड़क सुरक्षा शपथ और नारी मैराथन पोस्टर का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा शपथ पर हस्ताक्षर किए और आमजन से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। इसके साथ ही आगामी महिला दिवस पर आयोजित होने वाली नारी मैराथन के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में परिवहन सचिव एस. प्रकाश, परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर, कैट के वाइस चेयरमैन अमर परवानी, राजकुमार सिंघानिया, रविन्द्र भसीन, विवेक गर्ग सहित रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

