नवा रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय नवा रायपुर स्थित नीति भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने अपना पदभार ग्रहण किया। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
राज्य नीति आयोग विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण संस्थान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य नीति आयोग प्रदेश के दीर्घकालिक विकास को दिशा देने वाला एक अहम संस्थान है। यह साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण, योजनाओं की बेहतर रणनीति और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का निर्माण करना बेहद आवश्यक है, जिसमें आयोग की बड़ी भूमिका रहेगी।
छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट 2047 तैयार
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ में भी विज़न डॉक्यूमेंट 2047 तैयार किया गया है। इस दस्तावेज़ के माध्यम से राज्य के समग्र और दीर्घकालिक विकास की स्पष्ट रूपरेखा तय की जा रही है।
आकांक्षी जिलों के विकास में नीति आयोग की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा योजना आयोग के स्थान पर नीति आयोग का गठन एक दूरदर्शी निर्णय था। नीति आयोग के तहत संचालित आकांक्षी जिलों का कार्यक्रम देश के पिछड़े क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण साबित हुआ है। इसका सकारात्मक प्रभाव छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भी देखने को मिला है।
सुशासन और पारदर्शिता के साथ विकास को गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाओं और नीतियों का निर्माण करता है। इसी उद्देश्य से राज्यों में भी राज्य नीति आयोग बनाए गए हैं, जो विकास की दिशा तय करने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गणेश शंकर मिश्रा के प्रशासनिक अनुभव से राज्य नीति आयोग को नई दिशा और गति मिलेगी तथा आयोग के सुझावों को राज्य सरकार गंभीरता से लागू करेगी।
प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए मिलकर करेंगे काम – गणेश शंकर मिश्रा
राज्य नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश लगातार विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर और भविष्य उन्मुख नीतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को अधिक समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सभी के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक अमर अग्रवाल, धमतरी के महापौर रामू रोहरा, राज्य नीति आयोग के सदस्य डॉ. के. सुब्रह्मण्यम, सदस्य सचिव आशीष भट्ट, सचिव भुवनेश यादव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

